भारत

ईरान-इस्राइल तनाव के बीच भारतीय छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में जुटा भारतीय दूतावास: विदेश मंत्रालय

ईरान और इस्राइल के बीच बढ़ते तनाव के बीच भारत सरकार ने सोमवार को स्थिति को लेकर बयान जारी किया है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि तेहरान स्थित भारतीय दूतावास लगातार सुरक्षा हालात पर नजर बनाए हुए है और ईरान में रह रहे भारतीय छात्रों से लगातार संपर्क में है, ताकि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

मंत्रालय के अनुसार, जरूरत पड़ने पर छात्रों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित भी किया जा रहा है। बयान में कहा गया, “कुछ मामलों में, छात्रों को दूतावास की मदद से ईरान के भीतर ही सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। साथ ही अन्य संभावित विकल्पों पर भी विचार किया जा रहा है।” दूतावास वहां रह रहे भारतीय समुदाय के नेताओं से भी संपर्क में है और उनकी सुरक्षा व कल्याण सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव कदम उठाए जा रहे हैं।


इस बीच, तेहरान और तेल अवीव में स्थित भारतीय दूतावासों ने अपने-अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर एडवाइजरी भी जारी की है। तेहरान में भारतीय दूतावास द्वारा जारी एडवाइजरी में कहा गया है, “ईरान में मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए सभी भारतीय नागरिकों और भारतीय मूल के लोगों से अनुरोध है कि वे अत्यधिक सतर्क रहें, अनावश्यक यात्रा से बचें और दूतावास के सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें। साथ ही, स्थानीय प्रशासन द्वारा दिए गए सुरक्षा निर्देशों का पालन करना जरूरी है।”


सरकार की इस पहल का उद्देश्य वहां रह रहे भारतीय नागरिकों और खासकर छात्रों की हर स्तर पर सुरक्षा सुनिश्चित करना है। विदेश मंत्रालय ने आश्वासन दिया है कि जैसे-जैसे हालात विकसित होंगे, वैसे-वैसे और जानकारी साझा की जाती रहेगी।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button