भारत

बीसीसीआई में बदलाव की तैयारी, राजीव शुक्ला जुलाई में बन सकते हैं कार्यवाहक अध्यक्ष

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) में बड़े बदलाव की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक, बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला जुलाई 2025 में बोर्ड के कार्यवाहक अध्यक्ष बन सकते हैं। इसकी वजह यह है कि मौजूदा अध्यक्ष रोजर बिन्नी 19 जुलाई को 70 वर्ष के हो जाएंगे। बीसीसीआई के नियमों के अनुसार अध्यक्ष पद पर बने रहने के लिए उम्र सीमा 70 वर्ष तय की गई है। ऐसे में बिन्नी को अपना पद छोड़ना होगा।

65 वर्षीय राजीव शुक्ला को तीन महीने के लिए कार्यवाहक अध्यक्ष बनाया जा सकता है। सूत्रों का कहना है कि सितंबर में होने वाली बीसीसीआई की वार्षिक आम बैठक (AGM) में शुक्ला पूर्णकालिक अध्यक्ष पद के लिए चुनाव भी लड़ सकते हैं। रोजर बिन्नी को अक्टूबर 2022 में बीसीसीआई का 36वां अध्यक्ष चुना गया था। उन्होंने सौरव गांगुली की जगह ली थी, जिन्होंने अपना तीन साल का कार्यकाल पूरा किया था। उस समय बिन्नी एकमात्र उम्मीदवार थे और उन्हें निर्विरोध चुना गया था।

बिन्नी के अध्यक्ष कार्यकाल में भारतीय क्रिकेट को कई बड़ी उपलब्धियां मिलीं। भारत ने उनके कार्यकाल में दो बड़े ICC टूर्नामेंट – टी20 विश्व कप 2024 और चैंपियंस ट्रॉफी 2025 – अपने नाम किए। साथ ही, महिला प्रीमियर लीग (WPL) की ऐतिहासिक शुरुआत भी उन्हीं के नेतृत्व में हुई। घरेलू क्रिकेट को भी इस दौरान मजबूती मिली, खिलाड़ियों के वेतन में वृद्धि हुई और सीनियर खिलाड़ियों को घरेलू टूर्नामेंटों में खेलने के लिए नियमों को सख्ती से लागू किया गया।

रोजर बिन्नी भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ऑलराउंडर रहे हैं। वे 1983 में भारत को पहला वनडे विश्व कप जिताने वाली टीम के अहम सदस्य थे। उन्होंने उस विश्व कप में 18 विकेट लेकर भारत के लिए सबसे अधिक विकेट लिए थे। बिन्नी ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 27 टेस्ट मैचों में 47 विकेट और 830 रन बनाए, जबकि 72 वनडे मैचों में 77 विकेट और 629 रन उनके नाम हैं। वे इससे पहले बीसीसीआई की चयन समिति के सदस्य के रूप में भी काम कर चुके हैं।

अब देखना यह होगा कि राजीव शुक्ला का कार्यकाल स्थायी रूप लेता है या बीसीसीआई की एजीएम में कोई और चेहरा अध्यक्ष पद की कमान संभालता है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button