PSG की ऐतिहासिक जीत के बाद फ्रांस में हिंसा, दो लोगों की मौत और 550 से ज्यादा गिरफ्तारियां

फ्रांस की मशहूर फुटबॉल क्लब पेरिस सेंट-जर्मेन (PSG) ने शनिवार रात यूरोप की सबसे बड़ी फुटबॉल ट्रॉफी UEFA चैंपियंस लीग अपने नाम कर इतिहास रच दिया। जर्मनी के म्यूनिख स्थित एलियांज एरेना में खेले गए फाइनल मुकाबले में PSG ने इंटर मिलान को 5-0 से हराकर पहली बार चैंपियंस लीग ट्रॉफी जीत ली। यह जीत फ्रांस के फुटबॉल इतिहास में एक ऐतिहासिक पल बन गई, और पूरे देश में फैंस ने इसका जोरदार जश्न मनाया। लेकिन यह खुशी देर रात अफरा-तफरी और हिंसा में बदल गई।
पेरिस सहित देश के कई शहरों में PSG की जीत के बाद हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए। राजधानी पेरिस में चैंप्स-एलीसीज और आसपास के इलाकों में भारी भीड़ जमा हो गई। शुरुआत में यह जश्न शांतिपूर्ण था, लेकिन जैसे-जैसे रात बढ़ी, कुछ उपद्रवी भीड़ में घुल गए और माहौल बिगड़ गया। पुलिस ने बताया कि कई लोगों ने अवैध पटाखों और बोतलों से हमला किया, जिससे पुलिस को हालात काबू में लाने के लिए वॉटर कैनन और सुरक्षा बलों का इस्तेमाल करना पड़ा। सिर्फ पेरिस में ही 491 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कहा कि गिरफ्तार किए गए लोगों में कई “उपद्रव फैलाने वाले” थे जो अवैध आतिशबाज़ी या हिंसा में लिप्त पाए गए।
इसी बीच, जश्न के माहौल के दौरान दो दुखद घटनाएं भी सामने आईं। पेरिस में एक स्कूटर सवार व्यक्ति की उस वक्त मौत हो गई जब उसे एक कार ने टक्कर मार दी। यह हादसा शहर के 15वें एरॉन्डिस्मेंट में हुआ, जो PSG फैंस के मुख्य जमावड़े से कुछ दूरी पर था। वहीं दूसरी घटना डैक्स नाम के दक्षिण-पश्चिमी शहर में हुई, जहां एक 17 साल के लड़के की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। यह हमला भी जीत का जश्न मनाते समय हुआ, हालांकि जांच में यह स्पष्ट नहीं हो सका कि इसका सीधा संबंध फुटबॉल से था या नहीं। हमलावर फिलहाल फरार है और उसकी तलाश जारी है।
इसके अलावा, ग्रेनोबल में भी एक चौंकाने वाली घटना घटी जहां एक कार ने फुटबॉल जीत का जश्न मना रहे लोगों के एक समूह को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर है। घटना के बाद कार चालक ने खुद को पुलिस के हवाले कर दिया। शुरुआती जांच में पता चला है कि यह टक्कर जानबूझकर नहीं मारी गई थी और ड्राइवर ने न शराब पी रखी थी, न ही किसी नशे में था।
दूसरी तरफ, म्यूनिख के एलियांज एरेना में भी थोड़ी देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया, जब PSG की जीत के बाद हजारों फैंस पिच पर उतरने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने पहले से PSG फैंस के सेक्शन के सामने सुरक्षा घेरा बना रखा था, लेकिन जीत के बाद उत्साहित फैंस का जोश ऐसा था कि वे सुरक्षाकर्मियों को धकेलते हुए पिच की ओर दौड़ पड़े। स्थिति को भांपते हुए PSG खिलाड़ी ट्रॉफी के साथ जल्दी ही ड्रेसिंग रूम लौट गए और शुरुआती जश्न को बीच में ही रोकना पड़ा। बाद में हालात सामान्य हुए तो टीम एक बार फिर मैदान पर लौटी और ट्रॉफी के साथ जश्न मनाया।
PSG की यह जीत फ्रांस के खेल इतिहास में एक सुनहरा अध्याय है, लेकिन इसके साथ जुड़ी हिंसा और अराजकता ने इस खुशी के मौके को कुछ हद तक धुंधला कर दिया। पुलिस और प्रशासन अब स्थिति की पूरी जांच कर रहे हैं ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।





