‘यह अवसर सिक्किम की लोकतांत्रिक यात्रा की गोल्डन जुबली का है…’: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सिक्किम के दौर पर पहुंचे. जहां उन्होंने ‘सिक्किम @ 50: जहां प्रगति उद्देश्य से मिलती है और प्रकृति विकास को बढ़ावा देती है’ कार्यक्रम में भाग लिया.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करते हुए सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने कहा, “आपकी इच्छा होते हुए भी आप इस ऐतिहासिक अवसर पर व्यक्तिगत रूप से यहां नहीं आ सके. फिर भी सिक्किम के लोग आपका हार्दिक स्वागत करना चाहते हैं. सिक्किम राज्य 50वीं वर्षगांठ का जश्न एक साल तक जारी रहेगा. मेरा अनुरोध है कि अगर एक बार इस जश्न में आपका आशीर्वाद हो तो हम आपके बहुत आभारी होंगे.”
सिक्किम राज्य की 50वीं वर्षगांठ के समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “आज का दिन विशेष है. ये अवसर सिक्किम की लोकतांत्रिक यात्रा की गोल्डन जुबली का है… सिक्किम राज्य के 50 साल पूरे होने की बहुत बहुत बधाई देता हूं. 50 साल पहले सिक्किम ने अपने लिए एक लोकतांत्रिक भविष्य तय किया. सिक्किम के लोगों का जनमन भारत की आत्मा से जुड़ने का भी था. एक भरोसा था कि जब सबकी बात सुनी जाएगी, सबके हक सुरक्षित होंगे तो विकास के एक जैसे मौके मिलेंगे.”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “सिक्किम में एडवेंचर और स्पोर्ट्स टूरिज्म की भी बहुत संभावनाएं हैं. हमारा सपना है सिक्किम को कॉन्फ्रेंस टूरिज्म, वेलनेस टूरिज्म और कॉन्सर्ट टूरिज्म का भी हब बनाया जाए…मैं चाहता हूं कि दुनिया के बड़े बड़े कलाकार गंगटोक की वादियों में आकर परफॉर्म करें और दुनिया कहे कि अगर कहीं प्रकृति और संस्कृति साथ-साथ हैं तो वो हमारा सिक्किम है.”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “पिछले 10 वर्षों में सिक्किम में करीब 400 किलोमीटर के नए नेशनल हाइवे बने हैं. गांवों में सैकड़ों किलोमीटर नई सड़कें बनी हैं. अटल सेतु बनने से सिक्किम की दार्जिलिंग से कनेक्टिविटी बेहतर हुई है… हमारा प्रयास है कि जहां सड़कें नहीं बन सकती वहां रोपवे बनाए जाएं.”





