‘Housefull 5’ का ट्रेलर रिलीज, एक बार फिर हंसी का फुल डोज देने लौटे अक्षय और रितेश

बॉलीवुड की सुपरहिट कॉमेडी फ्रेंचाइजी हाउसफुल एक बार फिर दर्शकों को हंसी से लोटपोट करने के लिए तैयार है। सीरीज की पांचवीं फिल्म हाउसफुल 5 का ट्रेलर हाल ही में रिलीज किया गया है, जिसे देखकर दर्शकों की उत्सुकता और भी बढ़ गई है। इस बार भी फिल्म में अक्षय कुमार और रितेश देशमुख की जोड़ी नजर आ रही है, जो पहले की तरह कॉमेडी का जबरदस्त तड़का लगाने के लिए तैयार हैं। इनके साथ इस बार संजय दत्त, अभिषेक बच्चन, जैकलीन फर्नांडिस, नरगिस फाखरी और सोनम बाजवा भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिल्म का निर्देशन तरुण मनसुखानी कर रहे हैं और इसका निर्माण साजिद नाडियाडवाला ने किया है। ट्रेलर में रंग-बिरंगे लोकेशंस, तेज़ कॉमिक टाइमिंग और फुल ऑन एंटरटेनमेंट का अंदाज़ देखने को मिला है।
ट्रेलर में कहानी का मुख्य प्लॉट एक करोड़ों की संपत्ति के इर्द-गिर्द घूमता है। रणजीत अपने बेटे ‘जॉली’ के नाम पर अपनी सारी संपत्ति करना चाहता है, लेकिन तीन लोग – अक्षय कुमार, रितेश देशमुख और अभिषेक बच्चन – खुद को असली जॉली बताकर संपत्ति पर दावा करते हैं। इसी बीच तीनों की गर्लफ्रेंड्स के एक्सचेंज होने से मजेदार कंफ्यूजन पैदा होता है, जो कहानी को और भी हास्यपूर्ण बनाता है।
हाउसफुल 5 को 6 जून 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। ट्रेलर में संजय दत्त की एंट्री उनके दमदार डायलॉग्स और अलग अंदाज के साथ दर्शकों को खूब पसंद आई है। वहीं, जैकलीन और नरगिस का ग्लैमरस लुक भी चर्चा में बना हुआ है।
कॉमेडी, मस्ती और कन्फ्यूजन से भरी हाउसफुल 5 एक बार फिर साबित कर सकती है कि क्यों यह फ्रेंचाइजी दर्शकों की सबसे पसंदीदा कॉमिक सीरीज में से एक है।





