भारत

लखनऊ बस हादसा: चलती बस बनी आग का गोला, दो बच्चों समेत 5 की मौत

गुरुवार सुबह लखनऊ के बाहरी इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक चलती बस में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते बस आग की भट्टी में बदल गई. इस दुर्घटना में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए जिनकी जिंदगी की जंग अस्पताल में लड़ी जा रही है.

 

दरअसल यह घटना लखनऊ के किसान पथ की है जहां एक डबल डेकर बस में आग लगने से दो बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई. बस बिहार से दिल्ली जा रही थी. बस में सवार अधिकतर लोग दुर्घटना के समय चैन की नींद सो रहे थे. बस में लगी आग की लपटें इतनी भयानक थी कि उसे 1 किलोमीटर तक साफ देखा जा सकता था.

 

लखनऊ साउथ DCP निपुण अग्रवाल ने बताया, “आज सुबह मोहनलालगंज थाने को सूचना मिली कि बेगूसराय, बिहार से दिल्ली जा रही एक प्राइवेट स्लीपर बस में आग लग गई है… दुर्भाग्य से आग में 5 लोगों की मौत हो गई… जिन यात्रियों को बचा लिया गया है, उन्हें उनके गंतव्य के लिए भेजा जा रहा है. बस में करीब 70 लोग सवार थे.”

 

बस में आग लगने की सूचना मिलने के मौके पर दमकल विभाग की गाडि़यां और पुलिस पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया. पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि बस का इमरजेंसी गेट नहीं खुला. इस वजह से पीछे बैठे लोग फंस गए. वह समय रहते बस से बाहर नहीं निकल पाए और उनकी मौत हो गई.

 

यह भीषण हादसा गुरुवार सुबह पांच बजे हुआ. जब आउटर रिंग रोड (किसान पथ) पर मोहनलालगंज के पास हुआ. उस वक्त ज्यादातर लोग सो रहे थे. बस में सवार अन्य यात्रियों ने बताया कि बस में अचानक धुआं भरने लगा. कुछ ही मिनटों में आग की लपटें उठनी लगीं. बस के अंदर भगदड़ मच गई. बस ड्राइवर और कंडक्टर आग लगने के बाद बस छोड़कर भाग गए. यात्रियों ने यह भी बताया कि ड्राइवर की सीट के पास एक एक्स्ट्रा सीट लगी हुई थी, जिसके चलते लोगों को बाहर निकलने में परेशानी हो रही थी और लोग गिर रहे थे.

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button