‘Housefull 5’ का नया गाना ‘दिल-ए-नादान’ का टीज़र रिलीज, अक्षय कुमार ने दी जानकारी

बहुप्रतीक्षित कॉमेडी फिल्म ‘हाउसफुल 5’ का नया गाना ‘दिल-ए-नादान’ अब सुर्खियों में है। बुधवार को इस गाने का टीज़र रिलीज किया गया, जिसकी जानकारी फिल्म के मुख्य अभिनेता अक्षय कुमार ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की। उन्होंने लिखा, “कल होगा दिल थोड़ा बेईमान… दिल-ए-नादान के साथ।” साथ ही यह भी बताया कि गाने का पूरा वर्जन गुरुवार को रिलीज किया जाएगा।
View this post on Instagram
टीज़र में नरगिस फाखरी, सोनम बाजवा और जैकलीन फर्नांडिस को आकर्षक डांस मूव्स करते देखा जा सकता है, जो दर्शकों को खूब पसंद आ रहे हैं। फैंस ने सोशल मीडिया पर गाने के टीज़र पर उत्साहजनक प्रतिक्रियाएं दी हैं। कुछ यूजर्स ने अक्षय कुमार की तारीफ करते हुए लिखा, “ईस्ट और वेस्ट, अक्षय इज द बेस्ट।” वहीं कुछ फैंस ने फिल्म ‘हेरा फेरी 3’ को लेकर भी सवाल किए हैं।
‘हाउसफुल 5’ को तरुण मनसुखानी ने निर्देशित किया है और इसका निर्माण नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट के बैनर तले हुआ है। यह ‘हाउसफुल’ फ्रेंचाइजी की पांचवीं फिल्म है। फिल्म में अक्षय कुमार के अलावा रितेश देशमुख, अभिषेक बच्चन, संजय दत्त, फरदीन खान, नाना पाटेकर, जैकी श्रॉफ, डिनो मोरिया, जैकलीन फर्नांडिस, नरगिस फाखरी, चित्रांगदा सिंह, सोनम बाजवा, सौंदर्या शर्मा, चंकी पांडे और जॉनी लीवर जैसे कलाकार नजर आएंगे।
इससे पहले फिल्म का पहला गाना ‘लाल परी’ भी रिलीज किया जा चुका है। अब तक दोनों गानों को दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। फिल्म 6 जून 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। जैसे-जैसे रिलीज डेट नजदीक आ रही है, दर्शकों का उत्साह भी बढ़ता जा रहा है।





