भारत

पाक गोलीबारी में 2 अधिकारी, 5 आम नागरिकों की दर्दनाक मौत

भारत और पाकिस्तान के बीच शनिवार को सीजफायर की घोषणा के बावजूद जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में पाकिस्तान की ओर से फायरिंग और ड्रोन हमले की घटनाएं सामने आई हैं। दोनों देशों ने शाम 5 बजे से सभी सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति जताई थी, लेकिन पाकिस्तान की ओर से इसका उल्लंघन किया गया, जिससे हालात अब भी तनावपूर्ण बने हुए हैं।

सीजफायर से पहले सुबह करीब 5 बजे पाकिस्तान ने जम्मू, राजौरी, पुंछ और मेंढर जैसे क्षेत्रों में गोलाबारी की। कई रिहायशी इलाकों को ड्रोन के जरिए निशाना बनाया गया। इन हमलों में 7 लोगों की मौत हो गई और 25 से अधिक लोग घायल हो गए।

मारे गए लोगों में राजौरी के एडिशनल जिला विकास आयुक्त राज कुमार थापा और उनके दो कर्मचारी शामिल हैं, जो उनके सरकारी आवास पर हमले में घायल हुए थे। अस्पताल में इलाज के दौरान थापा की मौत हो गई। इसके अलावा राजौरी में ही एक दो वर्षीय बच्ची आयशा नूर और मोहम्मद शोहिब की जान चली गई। पुंछ के मेंढर सेक्टर में राशिदा बी की मोर्टार हमले में मौत हो गई, जबकि जम्मू के खेरी केरन गांव में जाकिर हुसैन की गोलीबारी में मौत हो गई।

सीजफायर की घोषणा भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने की, जिसमें बताया गया कि दोनों देशों के सैन्य अधिकारी आपसी सहमति से युद्धविराम लागू करने पर राज़ी हुए हैं। इसके बावजूद सीमावर्ती इलाकों में गोलीबारी की घटनाओं के कारण सेना और स्थानीय प्रशासन अलर्ट पर है। कई जगहों पर बाजार बंद हैं और भारी सुरक्षाबल तैनात किए गए हैं।

स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और भारतीय सेना ने भी पाकिस्तान की कार्रवाई का जवाब दिया है। प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की अपील की है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button