Operation Sindoor के बाद बढ़ा भारत-पाक तनाव, मध्यस्थता के लिए दिल्ली पहुंचे सऊदी और ईरानी मंत्री

भारत द्वारा पाकिस्तान में आतंकियों के ठिकानों पर की गई सैन्य कार्रवाई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद उपजे तनाव को देखते हुए अंतरराष्ट्रीय प्रयास तेज हो गए हैं। इसी कड़ी में सऊदी अरब के विदेश राज्यमंत्री अदेल अल जुबैर अचानक दिल्ली पहुंचे और भारतीय विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर से मुलाकात की। इस मुलाकात को भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव कम करने की एक कोशिश माना जा रहा है।
जयशंकर ने इस मुलाकात की जानकारी देते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, “आज सुबह सऊदी अरब के विदेश राज्यमंत्री अदेल अल जुबैर से सार्थक बातचीत हुई। भारत का आतंकवाद के खिलाफ दृढ़ रुख साझा किया।”
A good meeting with @AdelAljubeir, Minister of State for Foreign Affairs of Saudi Arabia this morning.
Shared India’s perspectives on firmly countering terrorism.
🇮🇳 🇸🇦 pic.twitter.com/GGTfItZ3If
— Dr. S. Jaishankar (@DrSJaishankar) May 8, 2025
सिर्फ सऊदी अरब ही नहीं, बल्कि ईरान भी इस स्थिति को लेकर सक्रिय नजर आ रहा है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची भी बुधवार की रात नई दिल्ली पहुंचे। उनके दौरे का एजेंडा भी भारत-पाक तनाव और क्षेत्रीय स्थिरता को लेकर चर्चा माना जा रहा है। अराघची गुरुवार को विदेश मंत्री जयशंकर से मुलाकात करेंगे और दोपहर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी भेंट करेंगे।
My opening remarks at the 20th India-Iran Joint Commission Meeting.
🇮🇳 🇮🇷
https://t.co/8olxveKYbz— Dr. S. Jaishankar (@DrSJaishankar) May 8, 2025
पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सशस्त्र बलों ने बुधवार तड़के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान के भीतर और पीओजेके में नौ आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए। इन ठिकानों में जैश-ए-मोहम्मद, लश्कर-ए-तैयबा और हिजबुल मुजाहिदीन जैसे संगठनों के अड्डे शामिल थे। भारत ने ये हमले बहावलपुर, मुरीदके, सियालकोट और मुजफ्फराबाद में किए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन हमलों में बड़ी संख्या में आतंकियों के मारे जाने की खबर है।
भारत की इस कार्रवाई के बाद पाकिस्तान ने चेतावनी दी है कि वह जवाबी हमला करने का अधिकार रखता है। इसके बाद पूरे क्षेत्र में संघर्ष बढ़ने की आशंका गहराने लगी है।
भारत और पाकिस्तान के बीच गहराते तनाव पर अब अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर है। अमेरिका, रूस, फ्रांस और संयुक्त राष्ट्र समेत कई देशों और संगठनों ने दोनों देशों से संयम बरतने की अपील की है। सऊदी अरब और ईरान जैसे ताकतवर इस्लामिक देशों के विदेश मंत्रियों का दिल्ली दौरा इस दिशा में एक कूटनीतिक पहल माना जा रहा है, ताकि तनाव को कम किया जा सके और किसी बड़े संघर्ष की आशंका को टाला जा सके।





