विदेश

पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत की सख्ती, इमरान खान और बिलावल भुट्टो के X अकाउंट बैन

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस सिलसिले में न केवल पाकिस्तान के नागरिकों के भारत में रहने पर रोक लगी है, बल्कि कई पाकिस्तानी यूट्यूब चैनल और सोशल मीडिया अकाउंट्स भी भारत में बैन किए जा चुके हैं।

ताजा कदम के तहत भारत ने पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान और पूर्व विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी के X (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट को भारत में ब्लॉक कर दिया है। यह कार्रवाई उनके कथित भारत विरोधी बयानों और सोशल मीडिया गतिविधियों को लेकर की गई है। बता दें, इमरान खान इस समय पाकिस्तान में जेल में बंद हैं।

इससे पहले भी भारत सरकार ने हनिया आमिर और माहिरा खान जैसे पाकिस्तानी कलाकारों के सोशल मीडिया अकाउंट्स, साथ ही कई अन्य प्रभावशाली हस्तियों के इंस्टाग्राम, फेसबुक, X और यूट्यूब हैंडल पर प्रतिबंध लगाया था। सरकार का कहना है कि पाकिस्तान से लगातार हो रही भारत विरोधी बयानबाजी और दुष्प्रचार के चलते यह कदम उठाए जा रहे हैं।

भारत ने पाकिस्तान के सूचना प्रसारण मंत्री अताउल्लाह तरार के X अकाउंट को भी ब्लॉक कर दिया है। उन्होंने हाल ही में दावा किया था कि भारत, पहलगाम हमले के 24 से 36 घंटे के भीतर पाकिस्तान पर सैन्य कार्रवाई कर सकता है। उनके इस बयान को भारत सरकार ने गैर जिम्मेदाराना और भड़काऊ बताया।

भारत ने अब तक पाकिस्तान के 16 से अधिक यूट्यूब चैनलों पर बैन लगाया है। इनमें डॉन न्यूज, जियो न्यूज, एआरवाई, समा टीवी और बोल न्यूज जैसे बड़े मीडिया चैनल भी शामिल हैं। इसके अलावा पाकिस्तानी क्रिकेटर बाबर आज़म, मोहम्मद रिज़वान, शाहीन अफरीदी, शोएब अख्तर, शोएब मलिक और शाहिद अफरीदी जैसे खिलाड़ियों के सोशल मीडिया अकाउंट्स को भी भारत में ब्लॉक कर दिया गया है।

भारत सरकार का कहना है कि देश की सुरक्षा और संप्रभुता के खिलाफ किसी भी ऑनलाइन प्रोपेगैंडा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सोशल मीडिया पर निगरानी और कार्रवाई का सिलसिला आगे भी जारी रह सकता है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button