गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में वेंटिलेटर पर भर्ती एयर होस्टेस से दुष्कर्म, टेक्नीशियन गिरफ्तार

मेदांता अस्पताल, गुड़गांव में भर्ती एक 46 वर्षीय एयर होस्टेस से ICU में दुष्कर्म के आरोप में एक टेक्नीशियन को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान 25 वर्षीय दीपक कुमार के रूप में हुई है, जो बिहार के मुजफ्फरपुर का रहने वाला है।
पीड़िता पश्चिम बंगाल की रहने वाली है और एयरलाइन ट्रेनिंग के लिए गुड़गांव आई थीं। 5 अप्रैल को तबीयत खराब होने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। अगले दिन यानी 6 अप्रैल की रात ICU में उनके साथ दुष्कर्म की घटना हुई, जब वे वेंटिलेटर पर और अर्धचेतन अवस्था में थीं।
पीड़िता ने 14 अप्रैल को सदर थाना, गुड़गांव में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस कमिश्नर विकास कुमार अरोड़ा ने इस मामले की जांच के लिए एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) बनाई, जिसकी निगरानी DCP डॉ. अर्पित जैन कर रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान अस्पताल में लगे 800 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई और 50 से ज्यादा अस्पताल कर्मचारियों से पूछताछ की गई। ड्यूटी रोस्टर, एंट्री-लॉग्स और टाइमलाइन के आधार पर जांच की गई, जिससे आरोपी की पहचान हो सकी।
दीपक कुमार मेदांता अस्पताल में ICU तकनीशियन के रूप में काम कर रहा था और पांच महीने पहले ही एक निजी यूनिवर्सिटी से ऑपरेशन थिएटर टेक्नोलॉजी में स्नातक की पढ़ाई पूरी कर यहां नौकरी शुरू की थी।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि घटना के समय ICU में दो नर्सें भी मौजूद थीं, लेकिन उन्होंने आरोपी को नहीं रोका। महिला ने कहा कि जब वह अर्धचेतन अवस्था में थीं, तो उन्होंने एक पुरुष की आवाज सुनी, जो उनके कपड़ों से जुड़ी जानकारी ले रहा था और फिर उसने उनके साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा और रिमांड पर लेकर आगे पूछताछ की जाएगी। मामले में अभी फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार है और जांच जारी है।





