कुवैत और दक्षिणी इराक में भीषण धूल भरी आंधी, विजिबिलिटी शून्य तक पहुंची

कुवैत और दक्षिणी इराक इस समय एक खतरनाक धूल भरी आंधी की चपेट में हैं, जिसने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। इस भीषण मौसम के कारण कई इलाकों में दृश्यता (विजिबिलिटी) शून्य के करीब पहुंच गई है और लोगों को सांस लेने में गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कुवैती मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि धूल भरी आंधी इस समय पूरे देश को अपनी गिरफ्त में ले चुकी है और यह स्थिति सोमवार रातभर बनी रह सकती है। विभाग के मुताबिक कुछ इलाकों में विजिबिलिटी 100 मीटर से भी कम रह गई है, वहीं कुछ स्थानों पर यह पूरी तरह शून्य हो गई है।
हालात की गंभीरता को देखते हुए आंतरिक मंत्रालय ने नागरिकों से अपील की है कि वे बिना जरूरी काम के घरों से बाहर न निकलें और धूल जमाव वाले क्षेत्रों में गाड़ी चलाने से परहेज़ करें। हालांकि, मौसम विभाग ने यह उम्मीद जताई है कि मंगलवार से मौसम में धीरे-धीरे सुधार होने लगेगा।
MOH Urges Caution Amid Dust Storms, Advises Staying Indoors and Wearing Masks..#Kuwait The Ministry of Health urged the public to stay indoors unless necessary due to ongoing dust storms. It emphasized the importance of wearing masks outdoors, especially for vulnerable groups… pic.twitter.com/LMKDW2fnct
— Ayman Mat News (@AymanMatNews) April 14, 2025
दक्षिणी इराक के कई हिस्सों में भी कुवैत जैसी स्थिति देखने को मिली। बसरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ानें अस्थायी रूप से रोक दी गईं, जबकि कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, धूल भरी आंधी के कारण मध्य और दक्षिणी इराक में एक हज़ार से अधिक लोगों को सांस की तकलीफ हुई है। मुथन्ना प्रांत में ही 700 से अधिक लोगों को दम घुटने की शिकायत के बाद इलाज की ज़रूरत पड़ी।
सैटेलाइट तस्वीरों में दिखा है कि पश्चिमी हवाएं तेज़ी से चल रही हैं, जो घनी धूल की लहरें बनाकर उन्हें दूर-दूर तक फैला रही हैं। इन लहरों की वजह से कई इलाकों में विजिबिलिटी एक किलोमीटर से भी कम रह गई है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि धूल की यह लहरें जल्द ही देश के मध्य और दक्षिणी हिस्सों तक फैल सकती हैं।
प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों का पालन करने की सलाह दी है।





