प्रधानमंत्री मोदी को रूस का आमंत्रण, 9 मई की विजय दिवस परेड में हो सकती है भागीदारी

रूस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को द्वितीय विश्व युद्ध में नाजी जर्मनी पर विजय की 80वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में 9 मई को मास्को में आयोजित होने वाली विजय दिवस परेड में शामिल होने का आमंत्रण भेजा है। यह जानकारी रूस के उप विदेश मंत्री एंड्री रुडेंको ने दी। उन्होंने बताया कि भारत को निमंत्रण पहले ही भेजा जा चुका है और यात्रा की योजना पर काम जारी है।
रूस को उम्मीद है कि इस ऐतिहासिक समारोह में प्रधानमंत्री मोदी की उपस्थिति होगी। रुडेंको ने कहा कि कई मित्र देशों के राष्ट्राध्यक्षों को भी परेड में भाग लेने का न्योता दिया गया है। गौरतलब है कि 9 मई, 1945 को जर्मनी ने सोवियत संघ के सामने बिना शर्त आत्मसमर्पण किया था, जिससे यूरोप में युद्ध का अंत हुआ।
प्रधानमंत्री मोदी ने जुलाई 2024 में रूस की यात्रा की थी, जो पांच वर्षों में उनका पहला दौरा था। इससे पहले वह 2019 में व्लादिवोस्तोक में आयोजित एक आर्थिक सम्मेलन में शामिल हुए थे। पिछली यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को भारत आने का निमंत्रण भी दिया था, जिसे पुतिन ने स्वीकार कर लिया है।
हालांकि, पुतिन की भारत यात्रा की तारीखों की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है। दोनों नेता नियमित रूप से संवाद बनाए रखते हैं और वैश्विक मंचों पर भी आमने-सामने मुलाकात करते रहते हैं।





