भारत

मणिकर्ण में भूस्खलन से बड़ा हादसा, 6 की मौत, कई घायल

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के प्रसिद्ध धार्मिक पर्यटन स्थल मणिकर्ण में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। मणिकर्ण गुरुद्वारे के पास अचानक हुए भूस्खलन में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद प्रशासन और पुलिस की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं।

भूस्खलन से गिरे पेड़ और मलबे ने मचाई तबाही रविवार दोपहर बाद मणिकर्ण गुरुद्वारे के पास स्थित पहाड़ी से अचानक भूस्खलन हुआ, जिससे एक विशाल चीड़ का पेड़ मलबे के साथ नीचे गिर गया। इस दौरान सड़क किनारे खड़े तीन से चार वाहन इसकी चपेट में आ गए। वाहनों में सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कुछ की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के कारण श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों और प्रशासन ने संभाला मोर्चा घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को मलबे से निकालकर प्राथमिक उपचार दिया गया और प्रशासन को सूचना दी गई। पुलिस, प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमें भी मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान में जुट गईं।

प्रशासन का बयान, राहत कार्य जारी कुल्लू के उपायुक्त (डीसी) तोरुल एस रवीश ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि अब तक 6 लोगों की मौत की सूचना है और कुछ लोग घायल हुए हैं। मृतकों व घायलों की पहचान की जा रही है। उन्होंने बताया कि पहाड़ी से गिरे मलबे को हटाने का कार्य जारी है और अब भी कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका है।

मुख्य सड़क मार्ग बाधित, बहाली का प्रयास जारी भूस्खलन के कारण कुल्लू से मणिकर्ण को जोड़ने वाली मुख्य सड़क मार्ग बाधित हो गया है। प्रशासन ने जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाने और सड़क को जल्द से जल्द खोलने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button