9 महीनों का इंतजार हुआ खत्म, सुनीता विलियम्स की पृथ्वी पर सफल लैंडिंग

अंतरराष्ट्रीय स्टेशन में नौ महीने तक फंसे रहने के बाद, NASA के बोइंग स्टारलाइनर अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बैरी विलमोर सुरक्षित रूप से पृथ्वी पर लौट आए हैं. सुनीता विलियम्स मुस्कुराहट के साथ धरती पर वापस आ गई हैं. अब यह प्रारंभिक जांच से गुजरेंगी और फिर क्रू-9 टीम के साथ ह्यूस्टन के लिए रवाना होंगी.
#WATCH अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर 9 महीने तक फंसी रहने के बाद, सुनीता विलियम्स मुस्कुराहट के साथ धरती पर वापस आ गई हैं।
(Source-NASA TV via Reuters) pic.twitter.com/jl2DSZ3VKO
— NewsMobile Samachar (@NewsMobileHindi) March 19, 2025
भारतीय मूल की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स धरती पर वापस आ गई हैं. उनके साथ बुच विल्मोर और 2 अन्य साथी अंतरिक्ष यात्री भी आ गए हैं. SpaceX के ड्रेगन कैप्सूल में ही यह चार अंतरिक्ष यात्री बैठकर पृथ्वी पर आए. अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) से निकलने के करीब 17 घंटों बाद, उनका कैप्सूल फ्लोरिडा पैनहैंडल के टलाहासी तट के पास मेक्सिको की खाड़ी में उतरा. फ्लोरिडा के समंदर में ड्रैगन यान के कैप्सूल की लैंडिंग कराई गई, जिसके बाद जब सुनीता विलियम्स कैप्सूल से बाहर आईं तो उन्होंने हाथ हिलाकर सभी का अभिवादन किया.
NASA के मुताबिक सभी एस्ट्रोनॉट की हालत स्थिर है. नासा के कमर्शियल क्रू प्रोग्राम के मैनेजर स्टीव स्टिच ने आश्वस्त किया है कि भारतीय मूल की सुनीता विलियम्स सहित क्रू-9 के सभी अंतरिक्ष यात्री फ्लोरिडा के तट पर सफल स्प्लैशडाउन के बाद पूरी तरह सुरक्षित हैं और स्वस्थ हैं. उन्होंने बताया कि सभी अंतरिक्ष यात्री फिलहाल रिकवरी शिप पर हैं, जहां शुरुआती मेडिकल जांच की जा रही है. इसके बाद उन्हें ह्यूस्टन ले जाया जाएगा, जहां और विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण और मिशन डिब्रीफिंग होगी.





