ताज़ा खबरेंमनोरंजन

“सनम तेरी कसम 2” की स्क्रिप्ट तैयार, अगले वैलेंटाइन डे पर होगी रिलीज!

फिल्म “सनम तेरी कसम” के मेकर्स ने आखिरकार इसके सीक्वल की आधिकारिक घोषणा कर दी है। निर्देशक राधिका राव और विनय सप्रू ने खुलासा किया कि फिल्म की स्क्रिप्ट तैयार है और लगभग सभी गाने भी कंप्लीट हो चुके हैं। 2016 में रिलीज हुई यह फिल्म उस समय बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही थी, लेकिन हाल ही में इसकी री-रिलीज ने धमाल मचा दिया, जिससे मेकर्स को दूसरे पार्ट को लाने का आत्मविश्वास मिला। अब “सनम तेरी कसम 2” अगले साल 2026 के वैलेंटाइन डे पर सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

फिल्म में इंदर का किरदार निभाने वाले हर्षवर्धन राणे पहले ही इस सीक्वल के लिए हामी भर चुके हैं, लेकिन मावरा होकेन को लेकर सस्पेंस बरकरार था। हालांकि, अब मावरा ने खुलासा किया है कि फिल्म मेकर्स ने उनसे संपर्क किया है, लेकिन उन्होंने अब तक स्क्रिप्ट नहीं पढ़ी है। उन्होंने कहा, “स्क्रिप्ट मेरे इनबॉक्स में पड़ी है, लेकिन मैंने अभी तक इसे खोला नहीं है।”

मावरा ने यह भी कहा कि वह इस सीक्वल को लेकर उत्साहित हैं, लेकिन अभी तक यह तय नहीं है कि वह फिल्म में नजर आएंगी या नहीं। उन्होंने कहा, “अगर फिल्म में मेरी जगह कोई और भी होगा, तो भी मैं उसे पूरा सपोर्ट करूंगी।”

निर्देशक जोड़ी राधिका राव और विनय सप्रू ने बताया कि पहले ही “सनम तेरी कसम” की कहानी को दो हिस्सों में तैयार किया गया था। पहले पार्ट के अंत में इमोशनल सीन इसलिए रखा गया था ताकि दर्शकों को सस्पेंस बना रहे कि आगे क्या होगा।

अब जब फिल्म की री-रिलीज को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला, तो मेकर्स ने तय कर लिया कि वे इसका सीक्वल 2026 के वैलेंटाइन डे पर रिलीज करेंगे। अब देखने वाली बात यह होगी कि क्या इस बार फिल्म दर्शकों का दिल जीत पाएगी और क्या मावरा और हर्षवर्धन की जोड़ी फिर से बड़े पर्दे पर नजर आएगी?

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button