ताज़ा खबरेंभारत

तेलंगाना सुरंग हादसे का पांचवा दिन: बचाव दल पहुंचा सुरंग के अंतिम बिंदु, आठ मजदूरों का अब भी पता नहीं

तेलंगाना के नागरकुरनूल जिले में श्रीशैलम लेफ्ट बैंक कैनाल (SLBC) सुरंग हादसे को पांच दिन हो गए हैं, लेकिन अब तक सुरंग में फंसे आठ मजदूरों से कोई संपर्क नहीं हो सका है। राहत कार्य में एक बड़ी सफलता तब मिली जब NDRF, SDRF और रैट माइनर्स की 20 सदस्यीय टीम पहली बार सुरंग के अंतिम छोर तक पहुंचने में सफल रही। हालांकि, वहां भारी मात्रा में मलबा होने के कारण आगे बढ़ना मुश्किल बना हुआ है।

22 फरवरी की सुबह टनल में 50 मजदूर काम कर रहे थे। जब वे 13.5 किमी अंदर पहुंचे, तो अचानक सुरंग की छत गिर गई। इस दौरान 42 मजदूर किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन 8 लोग फंस गए। इनमें 2 इंजीनियर और 6 मजदूर शामिल हैं।

नागरकुरनूल के पुलिस अधीक्षक वैभव गायकवाड़ के मुताबिक, सुरंग में मलबे और कीचड़ के कारण टीमों को आगे बढ़ने में दिक्कत हो रही है। उन्होंने कहा, “कल तक टीमें 40 मीटर की दूरी तक पहुंची थीं, लेकिन अब वे सुरंग के आखिरी छोर तक पहुंचने में सफल रहीं। हालांकि, अभी तक कोई मजदूर नहीं मिला है।”

इस बीच, भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (GSI) की टीम मिट्टी के नमूने इकट्ठा कर रही है, लेकिन अभी तक रिपोर्ट नहीं आई है।

तेलंगाना के सिंचाई मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी ने कहा कि फंसे मजदूरों से कोई संपर्क नहीं हो पाया है, लेकिन सुरंग में लगातार ऑक्सीजन पंप की जा रही है। भारतीय सेना, नौसेना, NDRF, GSI और अन्य एजेंसियों के शीर्ष विशेषज्ञ बचाव अभियान में जुटे हुए हैं।

यह 44 किमी लंबी सुरंग श्रीशैलम प्रोजेक्ट से नलगोंडा जिले में 4 लाख एकड़ जमीन की सिंचाई के लिए पानी ले जाने के लिए बनाई जा रही है। अभी तक 34.5 किमी सुरंग का काम पूरा हो चुका है, जबकि 9.5 किमी का काम बाकी है।

बचाव दल मलबे को हटाने के लिए नए वैकल्पिक रास्तों की तलाश कर रहा है। हालांकि, लगातार कीचड़ और पानी का बहाव बड़ी चुनौती बना हुआ है। इस ऑपरेशन में भारतीय सेना, नौसेना, मार्कोस कमांडो, NDRF, SDRF, GSI और अन्य एजेंसियां लगातार जुटी हुई हैं। मुख्यमंत्री ने भी अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों से मदद लेने का आश्वासन दिया है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button