स्वाति मालीवाल का दिल्ली में सफाई व्यवस्था को लेकर बड़ा एक्शन, कूड़ा लेकर पहुंचीं थी सीएम आवास, पुलिस ने लिया हिरासत में

स्वाति मालीवाल का दिल्ली में सफाई व्यवस्था को लेकर बड़ा एक्शन, कूड़ा लेकर पहुंचीं थी सीएम आवास, पुलिस ने लिया हिरासत में
दिल्ली में आम आदमी पार्टी की बागी राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने गुरुवार को राजधानी की सफाई व्यवस्था को लेकर अपनी ही पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। मालीवाल विकासपुरी इलाके से तीन गाड़ियों में कूड़ा भरकर सीधे आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के आवास के बाहर पहुंच गईं और वहां कूड़ा फेंकने लगीं। इस दौरान पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
#WATCH दिल्ली: राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने दिल्ली की सफाई के विरोध में AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के आवास के बाहर कूड़ा फेंका। pic.twitter.com/3MHJqDA2C7
— ANI_HindiNews (@AHindinews) January 30, 2025
स्वाति मालीवाल ने कहा, “पूरी दिल्ली कूड़ेदान बन गई है। मैं केजरीवाल जी से पूछना चाहती हूं कि यह कूड़ा कहां फेंकें? अब जनता खुद जवाब मांगेगी।” उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार राजधानी में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने में पूरी तरह विफल रही है।
इससे पहले, स्वाति मालीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर लिखा था, “विकासपुरी इलाके में सड़कों पर सालों से कूड़े के ढेर लगे हैं। अब यह कचरा केजरीवाल जी के घर पर पहुंचाने जा रहे हैं। जनता आ रही है, डरना मत!”
विकासपुरी पहुंचकर मालीवाल ने स्थानीय लोगों के साथ सफाई अभियान चलाया और गाड़ियों में कूड़ा भरा। उन्होंने कहा कि “दिल्ली की हर गली, हर सड़क पर गंदगी का अंबार लगा है, सड़कें टूटी पड़ी हैं और नालियां ओवरफ्लो हो रही हैं।”
उन्होंने दावा किया कि स्थानीय लोग और महिलाओं ने कूड़े की सफाई को लेकर कई बार शिकायत की थी, लेकिन सरकार ने कोई ध्यान नहीं दिया। इसलिए उन्होंने जनता की आवाज़ उठाने का यह तरीका अपनाया।
केजरीवाल के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन करने और कूड़ा फेंकने के चलते पुलिस ने स्वाति मालीवाल को हिरासत में ले लिया। लेकिन जाते-जाते भी उन्होंने कहा, “मैं न तो इनके गुंडों से डरती हूं, न पुलिस से। अगर हालात नहीं सुधरे, तो जनता खुद जवाब देगी।”
#WATCH दिल्ली: सफाई के मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन करते हुए AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के आवास के बाहर कूड़ा फेंकने पर पुलिस ने राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल को हिरासत में लिया। pic.twitter.com/hmMQeksaz6
— ANI_HindiNews (@AHindinews) January 30, 2025
स्वाति मालीवाल का यह प्रदर्शन आगामी चुनावों से पहले दिल्ली की राजनीति में नया मोड़ ला सकता है। अब देखना होगा कि आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल इस पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं।





