अनिश्चित काल के लिए स्थगित हुई लोकसभा, कल हुई धक्का-मुक्की को लेकर संग्राम जारी, सांसदों ने दी प्रतिक्रिया

अनिश्चित काल के लिए स्थगित हुई लोकसभा, कल हुई धक्का-मुक्की को लेकर संग्राम जारी, सांसदों ने दी प्रतिक्रिया
संसद का शीतकालीन सत्र आज समाप्त होने जा रहा है। आज संसद की कार्यवाही शुरू होने से पहली ही बाहर परिसर में पक्ष-विपक्ष ने विरोध प्रदर्शन किया। स्पीकर ओम बिरला ने लोकसभा की कार्रवाई शुरू होते ही सांसदों से कहा कि संसद के किसी भी द्वार पर प्रदर्शन करना स्वीकार्य नहीं है। इस बीच विपक्ष के हंगामे के बाद लोकसभा स्पीकर ने सभा की कार्यवाही अनिश्चतकाल के लिए स्थगित कर दी।
लोकसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हुई। pic.twitter.com/ORCZmHGZOk
— ANI_HindiNews (@AHindinews) December 20, 2024
बता दें कि बीते दिन मकर गेट पर पक्ष और विपक्ष के सांसदों के बीच धक्का-मुक्की हो गई थी। इस दौरान ओडिशा के बालासोर से सांसद प्रताप सारंगी और फर्रुखाबाद से भाजपा सांसद मुकेश राजपूत चोटिल हो गए। दोनों नेताओं के सिर में चोट लगी, जिसके बाद उन्हें भर्ती कराया गया। इस घटना को लेकर भाजपा सांसदों ने सांसद राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज कराई है।
इसी को लेकर आज संसद में पक्ष और विपक्ष के बीच संग्राम देखने को मिला। एक तरफ NDA सांसद राहुल गांधी की संसद से निलंबित करने की मांग की है। इसके लिए उन्होंने लोकसभा स्पीकर को चिठ्ठी लिखी है। वहीं दूसरी तरह विपक्ष केंद्रीय मंत्री अमित शाह से डॉ. बी आर को लेकर की गयी टिप्पणी पर माफ़ी मंगवाने पर अड़ा है।
ऐसे में सभी संसद अपनी अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं, पढ़ें किसने क्या कहा-
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, “…लोकतंत्र का गला घोटना, लोकतंत्र का अपमान, ये कांग्रेस के DNA में है। पहले भी 1975 में इंदिरा गांधी ने लोकतंत्र का गला घोंटा था और लोकतंत्र को पूरी तरह से समाप्त कर दिया था और वही परंपरा राहुल गांधी आगे बढ़ा रहे हैं। अहंकार से भरे यह लोग अपने सामने दूसरों को कुछ समझते ही नहीं हैं। कल जो आचरण अपनाया गया वो मन को व्यथित करने वाला है। कल ना केवल लोकतंत्र का गला घोंटा बल्कि आसन का ऐसा अपमान मैंने पहले कभी नहीं देखा… जो अपराधी हैं वो आंदोलन कर रहे हैं। जिन्होंने पाप किया है वो दूसरों की तरफ उंगलियां उठा रहे हैं लेकिन लोकतंत्र का ये अपमान हिंदुस्तान की ये जनता कभी सहन नहीं करेगी… जिन्होंने सदैव बाबा साहब अंबेडकर का अपमान किया… कभी उनका स्मारक तक नहीं बनने दिया… राहुल गांधी नेता प्रतिपक्ष के पद पर बने रहने के लायक नहीं हैं।”
#WATCH दिल्ली: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, “…लोकतंत्र का गला घोटना, लोकतंत्र का अपमान, ये कांग्रेस के DNA में है। पहले भी 1975 में इंदिरा गांधी ने लोकतंत्र का गला घोंटा था और लोकतंत्र को पूरी तरह से समाप्त कर दिया था और वही परंपरा राहुल गांधी आगे बढ़ा रहे हैं।… pic.twitter.com/4eGD77QzHT
— ANI_HindiNews (@AHindinews) December 20, 2024
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजीजू ने कहा, “भाजपा के दोनों सांसद(चोटिल सांसद) अस्पताल में हैं, उनकी हालत ठीक है…हमारे NDA के सांसद नाराज हैं, आक्रोशित हैं। हमने उन्हें अच्छे से समझाया है…सांसद होने के नाते संसद की गरिमा को बनाए रखना चाहिए…बोलने की आजादी है लेकिन हाथापाई नहीं होनी चाहिए…हम चाहते हैं कि संसद शांति से चलना चाहिए…”
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, “यह सरकार डरती है। यह सरकार अडानी मामले पर चर्चा करने से डरती है। यह किसी भी चर्चा से डरती है। उन्हें पता है कि अंबेडकर जी के लिए उनकी सच्ची भावनाएं सामने आ चुकी हैं इसलिए, अब वे विपक्ष से डरे हुए हैं क्योंकि हम इस मुद्दे को उठा रहे हैं…” उन्होंने आगे कहा, “…यह सरकार की हताशा है। वे इतने हताश हैं कि वे झूठी FIR दर्ज कर रहे हैं। राहुल जी कभी किसी को धक्का नहीं दे सकते। मैं उनकी बहन हूं, मैं उन्हें जानती हूं। वे ऐसा कभी नहीं कर सकते। सच कहूं तो, देश भी यह जानता है…ये सब ध्यान भटकाने वाली बातें हैं…”
भाजपा सांसद मालविका देवी ने कहा, “उन्होंने (राहुल गांधी ने) कल जिस तरह का व्यवहार किया वह बहुत दुखद है। वे संविधान को हाथ में लेकर ऐसा व्यवहार कर रहे हैं। यह भारत के संविधान का पूरी तरह से मजाक है और यह बहुत दुखद है।”
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, “संसद की कार्यवाही तो खत्म हो जाएगी लेकिन मुद्दा खत्म नहीं होता है… विपक्ष की मांग है कि उन्हें(अमित शाह) अपनी गलती स्वीकार करनी चाहिए… देश को आगे ले जाने के लिए बाबा साहेब का संविधान ही हमें रास्ता दिखाता है और भाजपा समय-समय पर संविधान को कमजोर करने की कोशिश करती है… भाजपा के लोग सबसे पहले असंवैधानिक काम करते हैं, अन्याय करते हैं और जब आप पीड़ित लोगों के पक्ष में खड़े होते हैं तो वे आप पर झूठे मुकदमें लगाते हैं… उन्हें(अमित शाह) अपने शब्द वापस लेने चाहिए और बाबा साहेब भीम राव अंबेडकर जी का अपमान नहीं करना चाहिए।”
भाजपा सांसद सी.पी. जोशी ने कहा, “…हमेशा से कांग्रेस पार्टी और उनके नेताओं ने लोकतंत्र को और इस देश के संविधान को तार-तार करने का प्रयास किया है। कल की घटना तो बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। कांग्रेस के नेताओं ने किस तरह से एक महिला सांसद और एक बुजुर्ग सांसद के ऊपर अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया, उनके साथ धक्का-मुक्की की। उन्हें चोटें भी आई हैं।इससे साफ लगता है कि कहीं न कहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जो उनका(कांग्रेस) असली चेहरा जनता को दिखाया है… उससे नाराज होकर इन लोगों ने इस प्रकार का षड्यंत्र रचा… ”
शिवसेना(UBT) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज होने पर कहा, “यह FIR गृह मंत्री से दोष हटाने के लिए एक भ्रामक रणनीति है… उन्हें(अमित शाह) देश से माफी मांगनी होगी, उन्होंने राज्यसभा में जो कुछ भी कहा उसके लिए माफी मांगनी होगी।”
सपा सांसद जया बच्चन ने संसद परिसर में धक्का मुक्की की घटना पर कहा, “…यह मानव सृजित घटना थी। वे(सत्ता पक्ष के सांसद) लोगों को सीढ़ियों पर चढ़ने से रोक रहे थे। मैंने इसका प्रत्यक्षदर्शी अनुभव किया है… आप सीढ़ियों को कैसे ढक सकते हैं?…”
सपा सांसद डिंपल यादव ने कहा, “हमारी मांग है कि भाजपा के सांसद माफी मांगें क्योंकि उन्होंने न केवल देश के संविधान का अपमान किया है बल्कि उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर का भी अपमान किया है जो देश के हर नागरिक के लिए एक आदर्श थे… भाजपा हमेशा एक पक्ष को लेकर ही आगे बढ़ती है। वो कभी भारत के संविधान, लोकतंत्र और लोगों को लेकर आगे नहीं बढ़ती है। भाजपा को कल की धक्का मुक्की के लिए माफी मांगनी चाहिए क्योंकि इसके लिए केवल भाजपा सरकार और भाजपा सांसद जिम्मेदार हैं।”
भाजपा सांसद अरुण गोविल ने कहा, “यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। जो भी हो रहा है वो हमारी छवि के लिए बहुत अच्छा नहीं है। इससे संसद की छवि खराब हो रही है। ऐसा लगता है कि हमें बहुत ज्यादा अनुशासन की जरूरत है और विपक्ष को बहुत संयम की जरूरत है। कल जिस तरह से राहुल गांधी जब आए तो वे शांत नजर नहीं आ रहे थे… यह संसद में सांसदों को शोभा नहीं देता।”
कांग्रेस सांसद और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज होने के मामले पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा, “पूरा देश देख रहा है, उन्होंने राहुल गांधी पर कई मामले लगाए हैं। वे नई FIR लाते हैं और झूठ बोलते हैं… यह उनकी हताशा का स्तर दिखाता है।”
कांग्रेस सांसद और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज होने के मामले पर कांग्रेस सांसद के.सी. वेणुगोपाल ने कहा, “…हमारा आंदोलन बिल्कुल स्पष्ट है। अमित शाह को इस्तीफा दे देना चाहिए, उन्हें देश से माफ़ी मांगनी चाहिए। अगर हमारे इस सवाल पर अगर आप हमारे नेताओं और हमें जेल में डालना चाहते हैं, तो आपका स्वागत है। कल वर्षा गायकवाड़ ने भी शिकायत दी थी, लेकिन कोई FIR नहीं है। FIR सिर्फ़ भाजपा की शिकायत के लिए है?”
कांग्रेस सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज होने के मामले पर कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा, “भाजपा की ये फासीवादी विचारधारा कल सामने आई है। जिस तरह से उन्होंने बहुत बेशर्मी से अंबेडकर जी का अपमान किया है, मैं कहूंगा, जिस तरह से उन्होंने उनका अपमान किया है… लाठी पर बैनर और पोस्टर लेकर सैकड़ों लोग वहां खड़े हो गए… मैंने ये अपने जीवन में पहली बार देखा…”
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ मामला दर्ज होने पर कहा, “देश की राजनीति में राहुल गांधी से अराजक और झूठा नेता प्रतिपक्ष अब तक नहीं बना। एक तो उन्होंने प्रतापचंद्र सारंगी को धक्का दिया, गुंडागर्दी कि और जब देखा कि उन पर FIR होगी तो वे झूठ बोलने लगे। हमें तो आश्चर्य होता है मल्लिकार्जुन खरगे पर कि वे इतने अनुभवी हैं लेकिन फिर भी गलतबयानी कर रहे थे… इससे उनकी विश्वसनीयता गिर रही है… वे विषय से ध्यान भटकाना चाहते हैं जो नहीं होगा…”





