कन्नौज में भीषण सड़क हादसा, पांच चिकित्सकों की मौत
उत्तर प्रदेश के कन्नौज में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ जिसमें तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकरा गई और हादसे में पांच चिकित्सकों की मौत हो गई. इस हादसे में पुलिस का कहना है कि हादसा चालक को झपकी लगने के कारण हुआ.
दरअसल, उत्तर प्रदेश के कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार डिवाइडर से जा टकराई और पलट गई. इस हादसे में कार में सवार मिनी पीजीआई में तैनात पांच चिकित्सकों की मौत हो गई और एक घायल है. घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं पुलिस ने बताया कि हदसा उस वक्त हुआ जब चालक को झपकी लग गई.
सभी चिकित्सक बुधवार सुबह करीब तीन बजे एक स्कॉर्पियों से वापस सैफई मेडिकल कॉलेज जा रहे थे. तभी आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के 196 किलोमीटर प्वाइंट पर तिर्वा के सिकरोरी गांव के सामने स्कॉर्पियो किसी तरह से अनियंत्रित हो गई. डिवाइडर को तोड़कर दूसरी साइड जाकर सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई. हादसे में सभी डॉक्टर जख्मी हो गए. घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया जिसके बाद वहां पांच डॉक्टरों को मृत घोषित कर दिया गया.





