पीएम मोदी ने ओडिशा को दी 47,600 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात

ओडिशा के मयूरभंज जिले के रायरंगपुर में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में पूर्वी भारत लंबे समय तक विकास से वंचित रहा, लेकिन अब यही क्षेत्र देश की प्रगति का नया केंद्र बन रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की ‘पूर्वोदय’ नीति का उद्देश्य पूर्वी भारत को विकास की मुख्यधारा में लाना है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ओडिशा के संसाधनों को नई संभावनाओं में बदल रही है और राज्य को अब तक करीब 20 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिल चुके हैं।
इस दौरान पीएम मोदी ने ओडिशा के लिए 47,600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंचाना है। सरकार चाहती है कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
पीएम मोदी ने ओडिशा में चल रहे उत्सवों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राज्य में हाल ही में राजा पर्व मनाया गया और अब भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा की तैयारियां जोरों पर हैं। उन्होंने इसे लोकतंत्र और विकास का उत्सव बताया। शनिवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का जन्मदिन भी था। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और कहा कि ओडिशा की बेटी आज देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर पहुंचकर पूरे देश का गौरव बढ़ा रही हैं।
अपने दौरे के दौरान पीएम मोदी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के ससुराल पहाड़पुर गांव भी पहुंचे। वहां उन्होंने एक स्कूल का दौरा किया और बच्चों के साथ समय बिताया। प्रधानमंत्री ने इस अनुभव को अपने लिए यादगार और सीखने वाला बताया।
प्रधानमंत्री ने पीएम-जनमन अभियान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह अभियान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के मार्गदर्शन और सुझावों से प्रेरित है। इसका उद्देश्य उन आदिवासी समुदायों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, जो अब तक विकास की दौड़ में पीछे रह गए थे।
उन्होंने बताया कि सरकार आदिवासी युवाओं को शिक्षा और रोजगार से जोड़ने के लिए लगातार काम कर रही है। इसी दिशा में देशभर में करीब 500 एकलव्य मॉडल स्कूल स्थापित किए गए हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर ओडिशा को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए काम कर रही हैं और आने वाले वर्षों में राज्य की तस्वीर और तेजी से बदलेगी।





