NEET-UG 2026: नागपुर के छात्र का परीक्षा केंद्र अबू धाबी, NTA की भारी चूक

नागपुर: NEET-UG 2026 की परीक्षा से ठीक एक दिन पहले एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। नागपुर के एक छात्र, जिसने अपनी पसंद के परीक्षा शहर के रूप में नागपुर को चुना था, उसके एडमिट कार्ड पर परीक्षा केंद्र ‘अबू धाबी’ (संयुक्त अरब अमीरात) में दिखाया गया है।
पासपोर्ट भी नहीं है छात्र के पास
छात्र के पिता मोहम्मद तालिब ने बताया कि वे यह देखकर स्तब्ध रह गए कि उनके बच्चे को विदेश का परीक्षा केंद्र आवंटित कर दिया गया है। उन्होंने कहा, “हम अपने बच्चे को परीक्षा के लिए विदेश नहीं भेज सकते। उसके पास पासपोर्ट तक नहीं है और यात्रा की व्यवस्था करने के लिए अब कोई समय नहीं बचा है”।
NTA ने दी सुधार का आश्वासन
परेशान परिवार ने तुरंत नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की हेल्पलाइन से संपर्क किया। परिवार के अनुसार, NTA ने अपनी गलती स्वीकार की है और आश्वासन दिया है कि सत्यापन के बाद छात्र को संशोधित एडमिट कार्ड जारी किया जाएगा।
राजनीतिक घेराबंदी और परीक्षा की तैयारियां
महाराष्ट्र के पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. अनीस अहमद ने इस घटना को परीक्षा प्राधिकरण की एक बड़ी चूक बताया है और NTA से तुरंत केंद्र को नागपुर या पास के किसी शहर में बदलने की मांग की है।
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब NTA पहले ही परीक्षा सुरक्षा को लेकर कड़े सवालों के घेरे में है। हालांकि, NTA ने कल होने वाली NEET-UG 2026 री-परीक्षा के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम करने का दावा किया है। परीक्षा सामग्री को GPS-सक्षम वाहनों के जरिए पुलिस सुरक्षा में भेजा जा रहा है और परीक्षा केंद्रों पर CCTV और आधार-आधारित बायोमेट्रिक सिस्टम लगाए गए हैं।
बता दें कि यह परीक्षा कल, 21 जून को देशभर के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में आयोजित की जाएगी।





