पीएम मोदी दुनिया के सबसे प्रभावशाली नेताओं में से एक: डोनाल्ड ट्रंप

वॉशिंगटन डीसी: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर सराहना की है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी दुनिया के उन नेताओं में शामिल हैं, जिनका वह सबसे ज्यादा सम्मान करते हैं। शुक्रवार को “द एक्सियोस शो” में बातचीत के दौरान ट्रंप से पूछा गया कि वह किन अंतरराष्ट्रीय नेताओं को सबसे ज्यादा पसंद करते हैं। इसके जवाब में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग का नाम लिया।
ट्रंप ने पीएम मोदी को “बेहतरीन नेता” बताते हुए कहा कि भारत आज दुनिया में तेजी से अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी ने दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्रों में से एक भारत में स्थिरता और निरंतरता बनाए रखी है। भारत-अमेरिका संबंधों पर बात करते हुए ट्रंप ने कहा, “मोदी एक महान नेता हैं। हम भारत के साथ काफी व्यापार करते हैं और अब हमारे बीच निष्पक्ष व्यापार हो रहा है।”
अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि पीएम मोदी अंतरराष्ट्रीय मामलों को समझदारी से संभालते हैं। ट्रंप के अनुसार, भारत ने ज्यादातर वैश्विक संघर्षों से दूरी बनाए रखी है, जो एक समझदारी भरा कदम है। ट्रंप ने कहा, “मोदी युद्धों से दूर रहते हैं और यह एक स्मार्ट रणनीति है। भारत का आकार और उसका वैश्विक प्रभाव उन्हें दुनिया के महत्वपूर्ण नेताओं में शामिल करता है।”
भारत की राजनीति का जिक्र करते हुए ट्रंप ने कहा कि उन्होंने लंबे समय तक भारत में सरकारों और नेताओं को बदलते देखा, लेकिन मोदी के आने के बाद राजनीतिक स्थिरता दिखाई दी।
उन्होंने कहा, “मैंने हमेशा देखा कि भारत में नेता बदलते रहते थे। कोई छह महीने तो कोई एक साल तक सत्ता में रहता था। फिर मोदी आए और 12 साल से अधिक समय से देश का नेतृत्व कर रहे हैं। वह बेहद मजबूत नेता हैं।”
ट्रंप ने मोदी के व्यक्तित्व की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी शांत स्वभाव के दिखते हैं, लेकिन जरूरत पड़ने पर बेहद सख्त फैसले लेने की क्षमता रखते हैं। ट्रंप ने कहा, “वह बहुत शांति से काम करते हैं, लेकिन वास्तव में वह काफी मजबूत और दृढ़ नेता हैं। मैं उन्हें अच्छी तरह जानता हूं।”
पीएम मोदी के साथ-साथ ट्रंप ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं में ऐसी खासियत है जो उन्हें दुनिया के अन्य नेताओं से अलग बनाती है। गौरतलब है कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार, तकनीक, रक्षा और रणनीतिक सहयोग लगातार बढ़ रहा है। पीएम मोदी दुनिया के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले लोकतांत्रिक नेताओं में भी शामिल हैं।





