ताज़ा खबरें

पीएम मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम 116वें एपिसोड को किया संबोधित, कही यह बात-

पीएम मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम 116वें एपिसोड को किया संबोधित, कही यह बात-

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज यानी रविवार को मन की बात कार्यक्रम के 116वें एपिसोड को संबोधित किया। बता दें कि पीएम मोदी के मन की बात कार्यक्रम को 22 भारतीय भाषाओं और 29 बोलियों के अलावा 11 विदेशी भाषाओं में भी प्रसारित किया गया। मन की बात का प्रसारण ऑल इंडिया रेडियो (AIR) के 500 से अधिक प्रसारण केंद्रों पर किया गया।

इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि “अगले साल स्वामी विवेकानंद की 162वीं जयंती है। इस बार इसे खास तरीके से मनाया जाएगा। इस अवसर पर 11 और 12 जनवरी को दिल्ली के भारत मंडपम में ‘विकसित भारत युवा नेता संवाद’ का आयोजन किया जाएगा…इसमें सभी राज्य, जिले और गांव से करीब 2000 युवा हिस्सा लेंगे।”

पीएम मोदी ने कहा कि आज NCC दिवस है। NCC का नाम सुनते ही हमें अपने स्कूल और कॉलेज के दिन याद आ जाते हैं। मैं खुद भी एक NCC कैडेट रहा हूँ, इसलिए मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूँ कि इससे मुझे जो अनुभव मिला, वो मेरे लिए अमूल्य है। NCC युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व और सेवा की भावना पैदा करती है। आपने अपने आस-पास देखा होगा कि जब भी कहीं कोई आपदा आती है, चाहे वो बाढ़ हो, भूकंप हो या कोई दुर्घटना, NCC के कैडेट मदद के लिए वहाँ ज़रूर मौजूद होते हैं….”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बोले कि , “मैंने लाल किले की प्राचीर से ऐसे युवाओं से राजनीति में आने का आह्वान किया है, जिनके पूरे परिवार की कोई राजनीतिक पृष्ठभूमि नहीं रही है। ऐसे एक लाख युवाओं को, नए युवाओं को राजनीति से जोड़ने के लिए देश में कई विशेष अभियान चलाए जाएंगे। ‘विकसित भारत युवा नेता संवाद’ भी ऐसा ही एक प्रयास है।”

‘मन की बात’ के 116वें एपिसोड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “भारत से हजारों किलोमीटर दूर गुयाना में भी एक ‘मिनी इंडिया’ बसा हुआ है। करीब 180 साल पहले भारत से लोगों को खेतों में मजदूरी करने और दूसरे कामों के लिए गुयाना ले जाया जाता था। आज गुयाना में रहने वाले भारतीय मूल के लोग राजनीति, व्यापार, शिक्षा और संस्कृति के हर क्षेत्र में गुयाना का नेतृत्व कर रहे हैं। गुयाना के राष्ट्रपति डॉ. इरफान अली भी भारतीय मूल के हैं और उन्हें अपनी भारतीय विरासत पर गर्व है।”

इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि, “कई भारतीय परिवार कई शताब्दियों से ओमान में रह रहे हैं। वहां बसने वाले ज़्यादातर लोग गुजरात के कच्छ से हैं। ओमान में भारतीय दूतावास और भारत के राष्ट्रीय अभिलेखागार के सहयोग से एक टीम ने इन परिवारों के इतिहास को संरक्षित करने का काम शुरू कर दिया है।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बोले कि, “मुझे स्लोवाकिया में किए जा रहे ऐसे ही एक और प्रयास के बारे में पता चला है जो हमारी संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन से जुड़ा है। यहाँ पहली बार हमारे उपनिषदों का स्लोवाक भाषा में अनुवाद किया गया है। ये प्रयास भारतीय संस्कृति के वैश्विक प्रभाव को भी दर्शाते हैं। हम सभी के लिए यह गर्व की बात है कि दुनिया भर में ऐसे करोड़ों लोग हैं जिनके दिल में भारत है…

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान। पूरे देश से लोगों ने इस अभियान में बहुत उत्साह से भाग लिया। अब यह पहल दुनिया के अन्य देशों तक भी पहुंच रही है। गुयाना की मेरी हाल की यात्रा के दौरान राष्ट्रपति डॉ. इरफ़ान अली, उनकी सास और परिवार के अन्य सदस्य मेरे साथ ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान में शामिल हुए…”

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button