दिल्ली में एक बार फिर बिगड़ी वायु गुणवत्ता, गंभीर श्रेणी में पहुंचा AQI
दिल्ली में एक बार फिर बिगड़ी वायु गुणवत्ता, गंभीर श्रेणी में पहुंचा AQI
देश की राजधानी दिल्ली में एक बार फिर वायु गुणवत्ता खराब हो गयी है। दिल्ली में जहां एक तरफ ठंड बढ़ रही है वहीं तो दूसरी तरफ शनिवार को एक बार फिर राष्ट्रीय राजधानी की हवा जहरीली हो गई है। आज यानी शनिवार सुबह अधिकांश इलाकों में एक्यूआई खतरनाक श्रेणी में दर्ज किया गया।
#WATCH दिल्ली: यमुना नदी में जहरीली झाग तैरती दिखाई दी। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड(CPCB) के अनुसार, दिल्ली का AQI ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बना हुआ है।
(ड्रोन वीडियो कालिंदी कुंज से है।) pic.twitter.com/GujBlK6wDn
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 23, 2024
डीपीसीसी रियल टाइम डाटा के मुताबिक शुनिवार सुबह 6:45 बजे पूठखुर्द में एक्यूआई 651, जहांगीरपुरी में 552, बवाना इंडस्ट्रियल एरिया में 544, गोल्फ लिंक में 526, अलीपुर में 490, हजरत निजामुद्दीन में 476, द्वारका में 453, आनंद पर्वत में 425, आनंद विहार में 434 और अशोक विहार में 403 एक्यूआई दर्ज किया गया।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार शुक्रवार शाम चार बजे शहर का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 393 था, जो एक दिन पहले 371 था। दिल्ली में कुल 35 निगरानी केंद्रों में से 22 ने वायु गुणवत्ता को ‘गंभीर’ श्रेणी का बताया, जहां एक्यूआई 400 से अधिक था।
वहीं मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग के मुताबिक पिछले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है. जबकि न्यूनतम 11 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से कम है।
गौरतलब है कि शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘‘अच्छा’’, 51-100 को ‘‘संतोषजनक’’, 101-200 को ‘‘मध्यम’’, 201-300 को ‘‘खराब’’, 301-400 को ‘‘बहुत खराब’’, 401-450 को ‘‘गंभीर’’ तथा 450 से ऊपर को ‘‘बेहद गंभीर’’ माना जाता है।





