राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पटाखों पर लगा पूरी तरह प्रतिबंध
देश में नवरात्र और दशहरा के बाद अब दिवाली का त्यौहार आने वाला है वहीं इस बार फिर राजधानी दिल्ली में प्रदूषण को मद्देनजर रखते हुए एक बार फिर सरकार ने दिल्ली में पटाखों पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है. दिल्ली सरकार ने आज पटाखों पर बैन लगाने से जुड़ी अधिसूचना जारी की है.
दिल्ली सरकार द्वार पटाखों पर बैन लगाने की अधिसूचना के मुताबिक, दिल्ली में 1 जनवरी तक के लिए पटाखों पर बैन लगा दिया गया है. बता दें कि दीपावली के मौके पर एयर क्वालिटी खराब ना हो, इसे ध्यान में रखते हुए यह आदेश जारी किए गए हैं. गौरतलब है कि नवंबर के पहले हफ्ते में दिवाली के जश्न और भारत के उत्तरी राज्यों में पराली जलाने की वजह से दिल्ली-NCR का AQI गंभीर होने की आशंका है.
दिल्ली सरकार की तरफ से जारी एक आदेश के मुताबिक, राजधानी में पटाखों की ऑनलाइन बिक्री और डिलीवरी पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने सोमवार को इस फैसले की जानकारी देते हुए बताया कि 1 जनवरी 2025 तक पटाखों पर बैन वाला आदेश लागू रहेगा.
पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने सोमवार को कहा कि दिल्ली में प्रदूषण फैलने से रोकने के लिए पटाखों पर लगाया गया प्रतिबंध 1 जनवरी, 2025 तक जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि पटाखों की ऑनलाइन बिक्री या डिलीवरी पर भी बैन रहेगा. उन्होंने कहा कि पटाखों के उत्पादन, स्टोरेज, बिक्री और इस्तेमाल पर प्रतिबंध 1 जनवरी 2025 तक लागू रहेगा. बता दें कि दिवाली और नए साल के दौरान दिल्ली में प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ जाता है. लोगों को सांस लेने में दिग्गज होने की शिकायत आने लगती है.
बता दें कि AAP सरकार ने पिछले साल भी दिवाली से ठीक पहले पटाखों पर बैन लगाने का ऐलान किया था. पर्यावरण मंत्री राय ने कहा कि दिल्ली सरकार प्रदूषण को नियंत्रित करने को लेकर बेहद गंभीर है. प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए सरकार 21 फोकस प्वाइंट पर आधारित विंटर एक्शन प्लान बना रही है. उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में विंटर एक्शन प्लान के अनुसार विभिन्न अभियान चलाए जाएंगे.





