फैक्ट चेक: पुराना है हरियाणा सीएम नयाब सैनी के विरोध का यह वीडियो

फैक्ट चेक: पुराना है हरियाणा सीएम नयाब सैनी के विरोध का यह वीडियो
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, यह वीडियो हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का है। जहां उन्हें एक ट्रैक्टर में बैठकर लोगों की भीड़ के बीच देखा जा सकता है। इस दौरान लोगों को उनका विरोध करते व मुर्दाबाद के नारे बाजी करते हुए देखा और सुना जा सकता है। इसी वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर कर दावा किया जा रहा है कि हरियाणा में जनता ने मुख्यमंत्री नायब सैनी का भारी विरोध किया।
फेसबुक पर वायरल वीडियो शेयर कर हिंदी भाषा के कैप्शन में लिखा गया है कि “हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सैनी का भारी विरोध।,जो बीजेपी के नेता किसान के ट्रैक्टर से नफ़रत करते थे आज वो ट्रैक्टर पर बैठ कर वोट मांगने निकले।”

फेसबुक के वायरल पोस्ट का आर्काइव लिंक यहाँ देखें।
फैक्ट चेक:
न्यूज़मोबाइल की पड़ताल में हमने जाना कि वायरल वीडियो पुराना है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो देखने में हमें पुराना लगा इसलिए सच्चाई जानने के लिए हमने पड़ताल की। सबसे पहले हमने वायरल वीडियो को कुछ कीफ्रेम्स में तोड़ा और फिर गूगल पर रिवर्स इमेज सर्च टूल के माध्यम से खोजना शुरू किया। खोज के दौरान हमें वायरल वीडियो bhagwant maan fan club नामक फेसबुक पेज पर वायरल वीडियो मिला जिसे अक्टूबर 16, 2020 को अपलोड किया गया था।
हालांकि प्राप्त फेसबुक पेज पर वायरल वीडियो की कोई खास जानकारी नहीं दी गयी थी। लेकिन एक बाद साफ़ थी कि वायरल वीडियो हालिया दिनों का नहीं है। उपरोक्त फेसबुक पोस्ट पर वायरल वीडियो की मिली जानकारी की पुष्टि के लिए हमने कुछ संबंधित कीवर्ड्स की मदद से गूगल पर बारीकी से खोजना शुरू किया। खोज के दौरान The tribune नामक फेसबुक पेज पर वायरल वीडियो से हूबहू मेल खाता एक दूसरा मिला। जिसे अक्टूबर 15, 2020 को अपलोड किया गया था।
The tribune के फेसबुक पेज पर इस वीडियो के साथ दिए गए कैप्शन में जानकारी दी गयी है कि वायरल वीडियो अंबाला का है जहां किसानों ने भाजपा की रैली का विरोध किया था। बता दें की साल 2020 के दौरान नायब सिंह सैनी कुरूक्षेत्र से सांसद थे।
इसके बाद हमें हरियाणा पंजाब केसरी की वेबसाइट पर भी वायरल वीडियो के संबंध में एक रिपोर्ट मिली, जिसे अक्टूबर 14, 2020 को छापा गया था। यहाँ बताया गया था कि साल 2020 के दौरान अंबाला के नारायणगढ़ में भाजपा ने कृषि कानूनों के प्रति किसानों को जागरूक करने के लिए ट्रैक्टर रैली निकाली।

भारतीय जनता पार्टी की ट्रैक्टर रैली 3 कृषि कानूनों के प्रति किसानों को जागरूक करने के लिए पूरे लाव लश्कर के साथ नारायणगढ़ की सड़कों पर उतरी थी। बता दें कि ट्रैक्टर रैली को अंबाला से सांसद एंव केंद्रीय राज्य मंत्री रत्न लाल कटारिया और कुरुक्षेत्र से सांसद नायब सैनी लीड कर रहे थे। ट्रैक्टर रैली कुछ किलोमीटर चली तो आगे भारतीय किसान यूनियन ने ट्रैक्टर रैली का जोरदार विरोध करते हुए ट्रैक्टर रैली को रोक दिया और सड़क के बीच बैठ गए।
पड़ताल के दौरान मिले तथ्यों से हमने जाना कि वायरल वीडियो हालिया दिनों का नहीं बल्कि साल 2020 के दौरान का है, जब भाजपा नेता नयाब सिंह सैनी हरियाणा के मुख्यमंत्री नहीं हुआ करते थे।





