ताज़ा खबरेंराजनीति

7 जून को संसदीय दल की बैठक, 8 जून को मोदी सरकार का शपथ ग्रहण: सूत्र

नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव के नतीजों की घोषणा के बाद आज (बुधवार) सुबह केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक हुई. सूत्रों के हवाले से आ रही खबर के मुताबिक, एनडीए सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 8 जून को होने जा रहा है. वहीं इससे पहले 7 जून को संसदीय दल की बैठक होगी. बता दें कि लोकसभा चुनाव में एनडीए के खाते में 293 सीटें आई हैं और बहुमत का आंकड़ा 272 है. ऐसे में एनडीए की राह में कोई रुकावट नहीं है.

लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद पीएम मोदी ने आज केंद्रीय कैबिनेट की बैठक बुलाई थी. इस बैठक में मोदी सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियों पर एक प्रस्ताव पास किया गया. इतना ही नहीं, मोदी कैबिनेट ने 17वीं लोकसभा भंग करने की अनुशंसा की है. अब राष्ट्रपति मुर्मू इस अनुशंसा पर अपनी मुहर लगाएंगी.

 

आंध्र प्रदेश में जीत का परचम लहराने वाले टीडीपी अध्यक्ष चंद्रबाबू नायडू एनडीए की बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली आ रहे हैं. उनके साथ तीन बार के सांसद राम मोहन नायडू, और के रविंद्र कुमार भी दिल्ली आ रहे हैं. वहीं, तमिलनाडु के एमके स्टालिन भी इंडिया ब्लॉक की बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंच गए हैं.

 

दिल्ली में आज एनडीए और आई.एन.डी.आई. की बैठक होने वाली है. इस बैठक में शामिल होने के लिए सीएम नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव पटना से रवाना हो चुके हैं. गौरतलब है कि दोनों नेता एक ही फ्लाइट में  दिल्ली के लिए रवाना हुए.

 

जेडीयू प्रवक्ता केसी त्यागी ने कहा कि दिल्ली में एनडीए की बैठक हो रही है. बैठक में नीतीश कुमार हिस्सा ले रहे हैं. जेडीयू एनडीए के साथ-साथ नरेंद्र मोदी को समर्थन देने का संकल्प पत्र भी सौंपेगी. नीतीश कुमार के इंडिया गठबंधन में वापस जाने का कोई सवाल ही नहीं है. बता दें कि ऐसी चर्चा है कि कांग्रेस ने नीतीश कुमार से संपर्क साधा है. कांग्रेस सरकार बनाने की कवायद में जुटी है. यही वजह है कि आज ही इंडिया गठबंधन की भी बैठक हो रही है.

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button