Hindi Newsportal

संसद सुरक्षा चूक मामले में पुलिस ने राजस्थान से बरामद किए आरोपियों के फ़ोन पार्ट्स, जली हुई अवस्था में मिले पार्ट्स

0 883
संसद सुरक्षा चूक मामले में पुलिस ने राजस्थान से बरामद किए आरोपियों के फ़ोन पार्ट्स, जली हुई अवस्था में मिले पार्ट्स

 

संसद सुरक्षा चूक मामले में पुलिस की जांच जारी है। इसी क्रम में पुलिस ने आरोपियों के फ़ोन बरामद किए हैं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने आरोपियों के फोन के पार्ट्स राजस्थान से बरामद कर लिए हैं। सभी फोन जली हुई हालत में मिले। सभी आरोपियों के फोन ललित झा के पास थे।

13 दिसंबर को घटना वाले दिन के बाद मुख्य आरोपी ललित झा अन्य आरोपियों के फोन लेकर भाग गया था। बाद में ललित ने 14 दिसंबर को पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। गिरफ्तार किए गए छठे आरोपित महेश कुमावत का भी पुलिस को कोर्ट से सात दिन का रिमांड मिल गया है। अब तब छह आरोपित सागर, मनोरंजन, नीलम आजाद, अमोल शिंदे, ललित झा और महेश गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

ललित झा को दिल्ली पुलिस मास्टरमाइंड मान रही है। ललित ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में भारत को बम की जरूरत है… लिखा था। उक्त पोस्ट की दिल्ली पुलिस ने गहन जांच शुरू कर दी है।

दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, लोकसभा की दर्शक दीर्घा से कूदने वाले सागर शर्मा और मनोरंजन एक या दो नहीं, बल्कि 7 स्मोक केन (धुआं फैलाने वाला उपकरण) लेकर गए थे।

बता दें कि जांच से जुड़े दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने मीडिया को बताया, आरोपियों ने संसद में कूदने से पहले कुछ दूसरे प्लान भी बनाए थे। एक आरोपी ने संसद के बाहर आत्मदाह करने के बारे में सोचा था। बाद में मन बदल दिया। यही नहीं, आरोपियों ने संसद के अंदर पर्चे बांटने पर भी विचार किया था।