बिहार के भागलपुर में एक पति ने अपनी ही पत्नी पर अत्याचार की सारी हदें पार कर दी है। यहाँ एक पति अपनी पत्नी को जुए में हार गया, इतना ही नहीं अपनी ही पत्नी को सौंपने के बाद उसने उस पर एसिड भी डाला।
जानें क्या है पूरा मामला।
महिला का कहना है कि उसका पति जुआरी है। 28 अक्टूबर की रात वह अपने दोस्तों के साथ घर पर ही जुआ खेल रहा था। जब उसके पति का पैसा खत्म हो गया तो उसे ही दांव पर लगा दिया और दोस्तों से उसे भी हार गया। महिला का आरोप है कि जुआ में उसे हारने के बाद उसके पति ने उसे अपने उन दोस्तों के साथ कमरे में बंद कर दिया जिसके बाद उन लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
एसिड नहीं पीया तो शरीर पर डाल दिया।
महिला का आरोप है कि दो नवंबर को पति उसके साथ मारपीट करने लगा। उसी दौरान पति ने उसे एसिड पिलाने की कोशिश की। जब उसने एसिड पीने से मना कर दिया तो उसने एसिड शरीर पर डाल दिया। उसके बाद ससुराल वाले उसे इलाज के लिए मायगंज ले गये। वहां जाने पर पति ने उसे धमकी दी कि अगर वह एसिड वाली बात किसी से कहेगी तो वह उसे हमेशा के लिए छोड़ देगा।
फिर हुई मारपीट से तंग आ कर दर्ज कराई शिकायत।
दरअसल ये घटना तो नवंबर की है मगर महिला इस अत्याचार के घूट को पी गयी लेकिन कुछ दिन पहले ही पति ने फिर महिला के साथ मारपीट की जिससे तंग आकर महिला रविवार को अपने मायके लोदीपुर थाना क्षेत्र पहुंची। वहां वह सामाजिक कार्यकर्ता दीपक सिंह के घर जाकर फरियाद करने लगी। उन्होंने एसएसपी को कॉल कर घटना की जानकारी दी। एसएसपी ने महिला का लिखित आवेदन मंगवाया जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला के आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।