अगले कुछ दिनों में देश के 16 राज्यों में भारी बारिश का पूर्वानुमान, यूपी के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी

अगले कुछ दिनों में देश के 16 राज्यों में भारी बारिश का पूर्वानुमान, यूपी के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी
देश के मध्य, पश्चिमी और दक्षिणी राज्यों में मानसून जमकर सक्रिय है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बुधवार (31 जुलाई) को 24 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस बीच उत्तर प्रदेश में पिछले दो सप्ताह से जारी उमस भरी गर्मी से अब बुधवार को लोगों को राहत मिली है। बुधवार को यूपी की राजधानी समेत कई जिलों में मूसलाधार बारिश हो रही है। मौसम विभाग की ओर से मिले अपडेट के मुताबिक यूपी में मानसून फिर से सक्रिय हो रहा है।
मौसम विभाग ने बुधवार से प्रदेश के कई जिलों में बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। जबकि कुछ जिलों में आकाशीय बिजली गिरने की संभावना भी व्यक्त की गई है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि पश्चिम यूपी के कुछ जिलों में बहुत भारी बारिश के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है। पूर्वांचल में कुछ स्थानों पर भरी बारिश और गरज चमक के साथ वज्रपात हो सकता है. इस दौरान लोगों से सतर्क रहने को कहा गया है।
यूपी के इन जिलों में होगी भारी बारिश
मौसम विभाग ने बुधवार को पीलीभीत, शाहजहांपुर, महोबा, झांसी, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, ललितपुर और आसपास के इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. इस दौरान कुछ जगह बिजली भी गिर सकती हैं. मौसम विभाग ने बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्ज़ापुर, चंदौली, कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर और श्रावस्ती जिले में भारी बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया है.
देश के 16 राज्यों में होगी भारी बारिश:
मौसम विभाग द्वारा दी गयी जानकारी के मुताबिक 1 अगस्त को मध्य महाराष्ट्र में अतिभारी बारिश (20 सेमी से ज्यादा) का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, गोवा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, कर्नाटक में भारी बारिश (12 सेमी से ज्यादा) की संभावना जताई है। उधर उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड, असम, मेघालय, गुजरात में 7 सेमी के आसपास बारिश हो सकती है।
केरल के कई राज्यों में ऑरेंज अलर्ट
केरल के वायनाड में तेज बारिश की वजह से सोमवार देर रात 4 अलग-अलग जगहों पर लैंडस्लाइड हुई। रात 2 बजे से सुबह 6 बजे के बीच हुए लैंडस्लाइड में 4 गांव बह गए। अब तक 158 लोगों के मौत की खबर सामने आयी है। वहीं 31 जुलाई के लिए केरल में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। IMD ने वायनाड समेत 5 जिलों मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड कन्नूर और कासरगोड जिले में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि एर्नाकुलम, इडुक्की, त्रिशूर और पलक्कड़ जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश को देखते हुए केरल के 12 जिलों में स्कूल और कॉलेजों में छुट्टी की घोषणा की गई है।





