भारत

मन की बात में क्या बोले पीएम मोदी? जानिए 5 सबसे अहम मुद्दे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 125वें संस्करण में देशवासियों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने हाल ही में देश के विभिन्न हिस्सों में हुई प्राकृतिक आपदाओं, पुलवामा में खेले गए डे-नाइट क्रिकेट मैच, सौर ऊर्जा के बढ़ते महत्व और भारतीय संस्कृति की वैश्विक पहुंच जैसे कई विषयों पर चर्चा की।

प्राकृतिक आपदाओं पर चिंता, राहतकर्मियों की सराहना
प्रधानमंत्री ने कहा कि मानसून के इस मौसम में प्राकृतिक आपदाएं देश की बड़ी परीक्षा ले रही हैं। पिछले कुछ हफ्तों में बाढ़ और भू-स्खलन से कई राज्यों में भारी तबाही हुई है। उन्होंने कहा, “कहीं घर उजड़ गए, कहीं खेत डूब गए, पुल और सड़कें बह गईं, और कई परिवारों को अपने प्रियजन खोने पड़े।” पीएम मोदी ने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताई और एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सुरक्षा बलों, डॉक्टरों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रशासन की सराहना की, जिन्होंने संकट की घड़ी में लोगों की मदद की।

पुलवामा में पहली बार डे-नाइट क्रिकेट मैच
पीएम मोदी ने पुलवामा में खेले गए पहले डे-नाइट क्रिकेट मैच का जिक्र करते हुए कहा कि पहले ऐसा होना असंभव लगता था, लेकिन अब देश बदल रहा है। यह मैच ‘रॉयल प्रीमियर लीग’ का हिस्सा था, जिसमें जम्मू-कश्मीर की विभिन्न टीमें शामिल थीं। उन्होंने बताया कि हजारों लोग रात के समय इस मैच का आनंद लेने पहुंचे।

सौर ऊर्जा और ‘सोलर दीदी’ की प्रेरणादायक कहानी
प्रधानमंत्री ने कहा कि आजकल घरों, इमारतों और सरकारी दफ्तरों की छतों पर सोलर पैनल देखे जा सकते हैं। उन्होंने सौर ऊर्जा को अपनाने के महत्व पर जोर दिया। बिहार के मुज़फ्फरपुर की रहने वाली देवकी का उदाहरण देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि उन्होंने सोलर पंप के जरिए अपने गांव की तस्वीर बदल दी है। अब लोग उन्हें ‘सोलर दीदी’ के नाम से जानते हैं।

इंजीनियर्स डे और विश्वकर्मा जयंती पर संदेश
पीएम मोदी ने बताया कि 15 सितंबर को महान इंजीनियर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की जयंती को इंजीनियर्स डे के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने देश के सभी इंजीनियरों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने यह भी कहा कि 17 सितंबर को आने वाली विश्वकर्मा जयंती पारंपरिक शिल्प और कला से जुड़े कारीगरों को समर्पित है। इसी उद्देश्य से सरकार ने ‘विश्वकर्मा योजना’ शुरू की है।

रामायण और भारतीय संस्कृति की वैश्विक पहचान
प्रधानमंत्री ने बताया कि रूस के व्लादिवोस्तोक में हाल ही में रामायण पर आधारित पेंटिंग्स की एक प्रदर्शनी आयोजित हुई, जिसमें रूसी बच्चों ने हिस्सा लिया। इसके अलावा कनाडा के मिसीसागा में 51 फीट ऊंची भगवान श्रीराम की प्रतिमा का अनावरण किया गया, जिसने भारतीय संस्कृति के प्रति वैश्विक उत्साह को दर्शाया।

त्योहारों पर ‘स्वदेशी’ और आत्मनिर्भर भारत का संदेश
अंत में पीएम मोदी ने आने वाले त्योहारों में स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “उपहार वही जो भारत में बना हो, सजावट वही जो भारत में तैयार हो, रोशनी वही जो भारत में बनी हो। एक ही मंत्र – ‘Vocal for Local’, एक ही रास्ता – ‘आत्मनिर्भर भारत’, एक ही लक्ष्य – ‘विकसित भारत’।”

 

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button