मोदी-शी-पुतिन मीटिंग के बाद भड़के ट्रंप, बोले- अब बहुत देर हो चुकी!

एससीओ शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के प्रीमियर शी जिनपिंग से मुलाकात की। इसी के कुछ घंटे बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत को लेकर बड़ा बयान दिया। ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि भारत ने अब टैरिफ को शून्य करने की पेशकश की है, लेकिन यह कदम बहुत देर से उठाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत ने अमेरिकी कंपनियों को अपने बाजार तक पहुंचने से रोका है।
ट्रंप ने लिखा, “वे हमें भारी मात्रा में सामान बेचते हैं और हम उनके सबसे बड़े ग्राहक हैं, लेकिन हम उन्हें बहुत कम बेचते हैं। यह पूरी तरह एकतरफा रिश्ता रहा है और दशकों से ऐसा ही है। वजह यह है कि भारत ने अब तक हम पर सबसे ज्यादा टैरिफ लगाया है, जिससे हमारी कंपनियां भारत में सामान नहीं बेच पातीं। यह एकतरफा नुकसान रहा है।”
उन्होंने आगे कहा, “भारत ज्यादातर तेल और सैन्य सामान रूस से खरीदता है, अमेरिका से बहुत कम। अब उन्होंने टैरिफ खत्म करने की पेशकश की है, लेकिन अब बहुत देर हो चुकी है। यह काम उन्हें सालों पहले करना चाहिए था।”
यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका और भारत के बीच व्यापारिक तनाव बढ़ गया है। हाल ही में अमेरिका ने भारतीय निर्यात पर 25% टैरिफ लगाया था, जिसका कारण बढ़ता व्यापार घाटा बताया गया। इसके बाद जब भारत ने रूस से तेल आयात कम करने से इनकार किया, तो अमेरिका ने और 25% शुल्क लगा दिया, यानी कुल टैरिफ 50% हो गया।
इसी बीच, एससीओ शिखर सम्मेलन में भारत, रूस और चीन के नेताओं ने बदलती वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए रणनीतिक और आर्थिक साझेदारी को और मजबूत करने का संकल्प लिया।





