विजय देवरकोंडा की फिल्म ‘किंगडम’ का टीजर रिलीज

साउथ के सुपरस्टार विजय देवरकोंडा की आगामी फिल्म, जिसे अब तक ‘वीडी 12’ के नाम से जाना जा रहा था, का आधिकारिक टाइटल सामने आ गया है। फिल्म का नाम ‘किंगडम’ रखा गया है, और इसी के साथ मेकर्स ने आज (बुधवार) इसका दमदार टीजर भी जारी कर दिया है।
फिल्म का टीजर लगभग 1 मिनट 55 सेकेंड लंबा है, जिसमें विजय देवरकोंडा एक्शन अवतार में नजर आ रहे हैं। टीजर की शुरुआत जेल में बंद उनके किरदार से होती है, और आगे बढ़ते ही कहानी में रहस्य, सस्पेंस और जबरदस्त एक्शन की झलक देखने को मिलती है। फिल्म का निर्देशन गौतम तिन्नानुरी ने किया है।
विजय देवरकोंडा ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर फिल्म का टाइटल पोस्टर और टीजर साझा किया। उन्होंने कैप्शन में लिखा, “सवाल, गलतियां, रक्तपात और नियति… यह है ‘किंगडम’।” फिल्म 30 मई 2025 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
‘किंगडम’ को हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज किया जाएगा। खास बात यह है कि हिंदी वर्जन में रणबीर कपूर अपनी आवाज देंगे, जो फैंस के लिए एक बड़ा सरप्राइज़ है। टीजर देखने के बाद फैंस ने इसे जबरदस्त प्रतिक्रिया दी है और विजय देवरकोंडा के नए अवतार की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
थियेटर में रिलीज के बाद ‘किंगडम’ नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी, जिससे वे दर्शक जो इसे सिनेमाघरों में नहीं देख पाएंगे, वे इसे ओटीटी पर एंजॉय कर सकेंगे।
अब देखना दिलचस्प होगा कि विजय देवरकोंडा की यह बहुप्रतीक्षित फिल्म बॉक्स ऑफिस पर क्या कमाल दिखाती है।





