प्रधानमंत्री मोदी अमेरिका दौरे पर, राष्ट्रपति ट्रंप से होगी अहम बैठक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों अमेरिका की दो दिवसीय यात्रा पर हैं, जहां वे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। पीएम मोदी बुधवार देर शाम फ्रांस के मारसेई से अमेरिका पहुंचे, जो उनकी दो देशों की यात्रा का दूसरा चरण है। वाशिंगटन पहुंचने पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया और उन्हें ब्लेयर हाउस में ठहराया गया, जहां उनके स्वागत में भारतीय ध्वज भी फहराया गया।
पीएम मोदी की राष्ट्रपति ट्रंप के साथ बैठक में व्यापार, रणनीतिक सहयोग और सुरक्षा सहित कई द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। विशेषज्ञों का मानना है कि कुछ संवेदनशील मुद्दों पर भी बातचीत हो सकती है। हालांकि, अभी तक इस बैठक के आधिकारिक एजेंडे की घोषणा नहीं की गई है। भारत सरकार ने इस दौरे को दोनों देशों के बीच महत्वपूर्ण साझेदारी को नई दिशा देने वाला बताया है।
इसके अलावा, पीएम मोदी ने अमेरिका की राष्ट्रीय खुफिया निदेशक तुलसी गबार्ड से भी मुलाकात की और उन्हें उनकी नियुक्ति पर बधाई दी। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
वाशिंगटन पहुंचने के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा, “अभी-अभी वाशिंगटन डीसी पहुंचा हूं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात और भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए उत्साहित हूं। हमारे देश अपने नागरिकों और पूरे विश्व के हित में मिलकर काम करते रहेंगे।”
Landed in Washington DC a short while ago. Looking forward to meeting @POTUS Donald Trump and building upon the India-USA Comprehensive Global Strategic Partnership. Our nations will keep working closely for the benefit of our people and for a better future for our planet.… pic.twitter.com/dDMun17fPq
— Narendra Modi (@narendramodi) February 13, 2025
यह दौरा भारत-अमेरिका संबंधों को नई गति देने के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है, खासकर ऐसे समय में जब वैश्विक व्यापार और रणनीतिक गठजोड़ नए मोड़ पर हैं।





