संजू बनाम श्रेयस: IPL 2025 में कप्तानी की टक्कर से सजेगा शनिवार शाम

5 अप्रैल को आईपीएल 2025 का रोमांच एक और दिलचस्प मुकाबले के साथ जारी रहेगा, जब पंजाब किंग्स की टीम अपने होम ग्राउंड, चंडीगढ़ के मुल्लांपुर क्रिकेट स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स से भिड़ेगी। यह मैच दोनों टीमों के लिए बेहद अहम होने वाला है।
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पंजाब किंग्स इस सीज़न शानदार लय में है। टीम ने अब तक खेले गए दोनों मुकाबले जीतकर टूर्नामेंट की मजबूत शुरुआत की है। दूसरी ओर, राजस्थान रॉयल्स की स्थिति कुछ कमजोर रही है। कप्तान संजू सैमसन की वापसी के साथ टीम नई ऊर्जा के साथ मैदान में उतरेगी। रॉयल्स ने अब तक तीन मुकाबलों में से सिर्फ एक में जीत हासिल की है और वे इस मैच में दूसरी जीत की तलाश में होंगे।
मुल्लांपुर स्टेडियम की पिच इस सीज़न पहली बार आईपीएल मुकाबले की मेज़बानी कर रही है। पिछले सीज़न यहां खेले गए पांच मैचों में से तीन बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने जीत हासिल की थी। पिच पर गति मौजूद है, जिससे तेज गेंदबाजों को शुरुआती ओवरों में मदद मिल सकती है। बल्लेबाजों को रन बनाने के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ेगी। यहां पहली पारी का औसत स्कोर 165 से 170 रन के बीच रहा है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग इलेवन इस प्रकार है:
पंजाब किंग्स: प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, ग्लेन मैक्सवेल, सूर्यांश शेडगे, मार्को यान्सन, लॉकी फर्ग्यूसन, युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह।
राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जायसवाल, संजू सैमसन (कप्तान), नितीश राणा, रियान पराग, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), शिमरन हेटमायर, वानिंदु हसरंगा, जोफ्रा आर्चर, महेश तीक्ष्णा, संदीप शर्मा, तुषार देशपांडे।
मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है, और सभी की नजरें इस पर टिकी होंगी कि क्या पंजाब अपनी जीत की हैट्रिक पूरी करेगी या राजस्थान रॉयल्स वापसी कर नई राह पर आगे बढ़ेगी।





