IPL2025

वानखेड़े में RCB की वापसी या MI की लगातार 7वीं जीत? आज होगा फैसला!

इंडियन प्रीमियर लीग 2025 का 20वां मुकाबला आज यानी सोमवार, 7 अप्रैल को मुंबई के प्रतिष्ठित वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस (MI) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच खेला जाएगा। मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस शाम 7 बजे होगा। फैंस के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है—किसका पलड़ा रहेगा भारी?

अब तक दोनों टीमों के बीच 33 मुकाबले हो चुके हैं, जिसमें मुंबई इंडियंस ने 19 मैच जीतकर स्पष्ट बढ़त बनाई है, जबकि आरसीबी ने 14 बार जीत दर्ज की है। हालांकि आंकड़े सिर्फ एक पहलू हैं, क्योंकि मैदान पर प्रदर्शन असली कहानी लिखता है।

अगर बात वानखेड़े स्टेडियम की करें, तो आरसीबी की हालत वहां खास अच्छी नहीं रही है। बेंगलुरु ने आखिरी बार इस मैदान पर मुंबई को 2015 में हराया था। इसके बाद से MI ने वानखेड़े में आरसीबी को लगातार छह बार हराया है। ऐसे में आज का मुकाबला बेंगलुरु के लिए इतिहास बदलने का मौका हो सकता है।

मुंबई इंडियंस इस सीजन अब तक 4 मैच खेल चुकी है, जिसमें उसे सिर्फ एक जीत मिली है—वो भी अपने घरेलू मैदान पर कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ। बाकी तीन मुकाबलों में टीम को चेन्नई सुपर किंग्स, गुजरात टाइटंस और लखनऊ सुपर जायंट्स से हार झेलनी पड़ी है। फिलहाल मुंबई अंक तालिका में 8वें पायदान पर है।

वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने अब तक खेले गए 3 मैचों में से 2 में जीत दर्ज की है और तीसरे स्थान पर बनी हुई है। अगर आज वह मुंबई को हराने में कामयाब होती है तो पॉइंट्स टेबल में टॉप पोजिशन पर पहुंच सकती है।

संभावित प्लेइंग इलेवन:

मुंबई इंडियंस
रोहित शर्मा, विल जैक्स, रयान रिकेल्टन, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या (कप्तान), नमन धीर, राज अंगद बावा, मिचेल सैंटनर, दीपक चाहर, जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट, विग्नेश पुथुर (इम्पैक्ट प्लेयर विकल्प सहित)

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु
फिल साल्ट, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), लियाम लिविंगस्टोन, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, यश दयाल, सुयश शर्मा (इम्पैक्ट प्लेयर विकल्प सहित)

नज़रें टिकी हैं इस बात पर कि क्या RCB आज वानखेड़े में जीत की दहलीज पार कर पाएगी, या फिर मुंबई इंडियंस अपनी घरेलू बादशाहत को और मजबूत करेगी।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button