ताज़ा खबरेंभारतराज्य

पटना में पुलिस परीक्षा देने जा रहे छात्रों ने किया हंगामा, ट्रेन रोकी और की पत्थरबाजी

Bihar: बिहार में रविवार को होने वाली पुलिस प्रोहिबिशन, जेल वार्डर और मोबाइल स्क्वाड कांस्टेबल की लिखित परीक्षा के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई जब छात्रों ने पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर जमकर बवाल काटा। अपनी मांगों को लेकर सैकड़ों परीक्षार्थी पटरी पर उतर आए और ट्रेन को रोकने की कोशिश की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को अंततः आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े और लाठीचार्ज करना पड़ा।

क्या है पूरा मामला?

परीक्षा के लिए जा रहे अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि परीक्षा के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई है। इसके विरोध में उन्होंने रेलवे ट्रैक जाम कर दिया और स्टेशन पर तोड़फोड़ की। प्रदर्शनकारियों ने एक परीक्षा स्पेशल ट्रेन में भी जमकर उपद्रव मचाया। स्टेशन परिसर में चारों तरफ पत्थर बिखरे हुए मिले, जिससे वहां का माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया था।

प्रशासन का बयान

पटना के जिला मजिस्ट्रेट (DM) थियागाराजन एसएम ने बताया कि छात्रों की मांग पर एक स्पेशल ट्रेन पहले ही उपलब्ध कराई गई थी। उन्होंने कहा, “भीड़ में शामिल असामाजिक तत्वों ने हिंसा फैलाई है।”

इस घटना में पटना के आईजी जितेंद्र राणा समेत कई पुलिसकर्मी मामूली रूप से घायल हुए हैं। आईजी राणा ने बताया, “करीब 250 छात्र ट्रेन को रोकने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने समझाने की कोशिश की लेकिन छात्रों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी। पत्थर फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

फिलहाल स्थिति नियंत्रण में

हालांकि अब स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर अभी भी कई थानों की पुलिस को स्टेशन पर तैनात रखा गया है। उल्लेखनीय है कि रविवार को राज्य के सभी 38 जिलों में यह लिखित परीक्षा आयोजित की जानी थी। बता दें कि इससे पहले अलग घटनाक्रम में चर्चित शिक्षक रौशन आनंद के भाई की नेपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर भी सामने आई है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button