NM वेरिफाइड

फैक्ट चेक: LPG दामों को लेकर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की पुरानी वीडियो क्लिप हुई वायरल, पढ़ें पूरा सच

फैक्ट चेक: LPG दामों को लेकर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की पुरानी वीडियो क्लिप हुई वायरल, पढ़ें पूरा सच

 

भारत में कुल 137 दिनों बाद पेट्रोल-डीजल समेत LPG के दामों में इज़ाफ़ा हुआ है। जहां पेट्रोल- डीज़ल के दामों में 80 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि हुई है वहीं घरेलू LPG गैस सिलेंडर में भी 50 रुपये की बढ़ोतरी की गयी है। इसी के बाद से सोशल मीडिया पर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की प्रेस कॉन्फ्रेंस का एक वीडियो क्लिप तेजी से वायरल हो रही है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के वीडियो में स्मृति ईरानी को बढ़े हुए LPG के दामों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा करते हुए सुना जा सकता है।

स्मृति ईरानी की इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के वीडियो को इंटरनेट पर शेयर कर दावा किया जा रहा है कि केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी अब बढ़े हुए LPG के दामों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगी।

इस वीडियो को फेसबुक पर शेयर करते हुए लिखा गया है कि, ‘सिलेंडर के बढ़े दाम के विरोध में उतरीं स्मृति ईरानी. केंद्र सरकार की ‘महिला विरोधी नीति’ के खिलाफ करेंगी प्रदर्शन. सुनें क्या कहा ‘।

फेसबुक के वायरल पोस्ट का लिंक यहाँ देखें।

 

फैक्ट चेक:

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के इस चौतीस सेकंड की वीडियो क्लिप को देखकर हमें इसके पुरानी होने की आशंका हुई। जिसके बाद हमने वीडियो की सच्चाई जानने के लिए पड़ताल की। पड़ताल के पहले चरण में हमने वीडियो को InVid टूल के माध्यम से कुछ कीफ्रेम्स में तब्दील किया और फिर गूगल पर रिवर्स इमेज टूल की मदद से वीडियो को खोजना शुरू किया।

खोज के दौरान हमें सबसे पहले वायरल वीडियो क्लिप से मेल खाती एक तस्वीर कांग्रेस नेता Srinivas BV के ट्विटर हैंडल द्वारा सितंबर 01, 2021 को किए गए एक ट्वीट में मिली।

 

 

हालांकि प्राप्त ट्वीट से हमें वीडियो कोई ठोस जानकारी नहीं मिली, लेकिन यह तथ्य सामने आया कि यह क्लिप अक्सर देश में बढ़ते LPG के दामों को लेकर भाजपा व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी पर तंज कसने के लिए शेयर की जाती रहती है।

स्मृति ईरानी के इस 34 सेकंड के वायरल वीडियो में उन्हें यह कहते हुए सुना जा सकता है कि ‘ बढ़े हुए LPG के दामों और कांग्रेस महिला विरोधी नीतियों को लेकर 12 अक्टूबर, राज माता सिंधिया की जयंती के अवसर पर देश भर में महिला मोर्चा विरोध प्रदर्शन करेगा‘। इससे हमें शक हुआ कि वीडियो में स्मृति प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस सरकार पर वार कर रही हैं।

वीडियो की सटीक जानकारी प्राप्त करने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स और कीफ्रेम्स से खोजना शुरू किया। जिसके बाद हमें वायरल वीडियो क्लिप भारतीय जनता पार्टी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला।  जिसे यूट्यूब पर अक्टूबर 06, 2012 को अपलोड किया गया था।

 

 

यूट्यूब पर प्राप्त 10 मिनट 31 सेकंड के इस वीडियो में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के वायरल क्लिप को 1 मिनट 21 सेकंड पर देखा जा सकता है।

 

वायरल क्लिप की पड़ताल के दौरान मिले तथ्यों से पता चला कि केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की वायरल वीडियो क्लिप हालिया दिनों की नहीं बल्कि साल 2012 के दौरान की है, जब केंद्र में कांग्रेस की सत्ता हुआ करती थी। पड़ताल करने पर हमने पाया कि स्मृति ईरानी की इस वीडियो को भाजपा और उनपर तंज कसने के लिए विपक्ष द्वारा समय-समय पर शेयर किया जाता रहता है। इन दिनों भी इसे भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।

 

Show More

Nupendra Singh

A rapid increase in the rate of fake news and its ill effect on society encourages me to work as a fact-checker in NewsMobile. I believe one should always check the facts before sharing any information with others. I have gained two years of experience in fact-checking

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button