वानखेड़े स्टेडियम में आज होगा मुंबई बनाम कोलकाता का रोमांचक मुकाबला

आईपीएल 2025 के तहत आज वानखेड़े स्टेडियम अपने पहले मैच की मेजबानी करेगा। यह मुकाबला मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला जाएगा, जिसका आगाज भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे से होगा। वानखेड़े स्टेडियम की पिच पर अब तक हाई स्कोरिंग मैच देखने को मिले हैं, ऐसे में फैंस को एक बार फिर चौकों-छक्कों की बारिश देखने को मिल सकती है। सवाल यह है कि इस पिच पर तेज गेंदबाजों को ज्यादा मदद मिलेगी या स्पिनर अपना जलवा बिखेरेंगे? इस छोटे मैदान पर रन बनाना आसान होता है, जिससे बल्लेबाजों को फायदा मिलेगा।
वानखेड़े स्टेडियम के रिकॉर्ड की बात करें तो यहां अब तक 118 आईपीएल मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिनमें 53 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीत दर्ज की है, जबकि 64 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम विजेता बनी है। पहली पारी का औसत स्कोर 170 रन रहा है, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार है। यहां की पिच काली मिट्टी की बनी होती है, जिससे तेज गेंदबाजों को अतिरिक्त उछाल और स्विंग मिलती है। आंकड़ों के मुताबिक, 71% विकेट तेज गेंदबाजों को और 29% विकेट स्पिनरों को मिले हैं। ऐसे में तेज गेंदबाजों की भूमिका अहम हो सकती है, लेकिन बल्लेबाजों के लिए भी बड़े शॉट खेलने के मौके रहेंगे।
मुंबई इंडियंस इस मुकाबले को जीतकर अपने सीजन की पहली जीत दर्ज करने की कोशिश करेगी, वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स जीत की लय को बरकरार रखना चाहेगी। वानखेड़े स्टेडियम में दोनों टीमों के बीच हमेशा कड़ी टक्कर देखने को मिली है। मुंबई इंडियंस पर घरेलू मैदान पर जीत का दबाव ज्यादा रहेगा, क्योंकि टीम पिछले सीजन प्लेऑफ में जगह नहीं बना पाई थी। हार्दिक पांड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस इस बार टॉप-4 में पहुंचने का पूरा प्रयास करेगी। दूसरी ओर, कोलकाता के पास भी मजबूत बल्लेबाजी लाइनअप है, जिससे यह मैच हाई स्कोरिंग होने की पूरी संभावना है।





