Fraud and Scam

मनी लॉन्ड्रिंग केस: चार्टर्ड अकाउंटेंट को राहत नहीं, 10 दिन में सरेंडर का आदेश

सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को 640 करोड़ रुपये के साइबर ठगी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में एक चार्टर्ड अकाउंटेंट को अग्रिम जमानत देने से इनकार कर दिया। जस्टिस एम.एम. सुंदरेश और जस्टिस ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह की पीठ ने दिल्ली हाई कोर्ट के फैसले को बरकरार रखते हुए आरोपी भास्कर यादव को 10 दिनों के भीतर आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया।

इससे पहले 2 फरवरी को दिल्ली हाई कोर्ट ने भास्कर यादव और अशोक कुमार शर्मा की अग्रिम जमानत याचिकाएं खारिज कर दी थीं। हाई कोर्ट ने अपने आदेश में कहा था कि यह मामला मनी लॉन्ड्रिंग के एक जटिल नेटवर्क से जुड़ा है और जांच एजेंसी को आरोपियों से हिरासत में पूछताछ करना जरूरी है।

अदालत ने कहा कि आरोपी पेशेवर लोग हैं और उन्होंने कथित तौर पर अपराध से कमाए गए पैसों को कई स्तरों के जरिए इधर-उधर किया। पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए कस्टडी में पूछताछ जरूरी है।

हाई कोर्ट ने यह भी साफ किया था कि यह सिर्फ क्रिप्टोकरेंसी से जुड़े लेनदेन का मामला नहीं है। कोर्ट के मुताबिक यहां आम निवेशकों, खासकर मध्यम वर्ग के लोगों से धोखाधड़ी कर पैसे निकाले जाने का आरोप है। सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले के बाद आरोपी को तय समय के भीतर जांच एजेंसियों के सामने पेश होना होगा।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button