बांग्लादेश में फिर भीड़ का कहर, राजबाड़ी में युवक की हत्या

बांग्लादेश के राजबाड़ी जिले में बुधवार देर रात एक व्यक्ति की भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान अमृत मंडल के रूप में हुई है, जिसे सम्राट के नाम से भी जाना जाता था। पुलिस के अनुसार, अमृत मंडल पर गांव के लोगों से जबरन पैसे वसूलने यानी उगाही का आरोप था।
यह घटना राजबाड़ी जिले के पांगशा थाना क्षेत्र के होसेनडांगा गांव में रात करीब 11 बजे हुई। पांगशा सर्किल के सहायक पुलिस अधीक्षक (ASP) देब्रत सरकार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल अमृत मंडल को बचाकर अस्पताल ले जाया गया। उन्हें पांगशा उपजिला स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां रात करीब 2 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने घटना के दौरान अमृत मंडल के एक सहयोगी मोहम्मद सलीम को गिरफ्तार किया है। सलीम के पास से एक पिस्टल और एक शूटर गन बरामद की गई है। अमृत मंडल के शव को पोस्टमार्टम के लिए राजबाड़ी सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अमृत मंडल के खिलाफ पहले से पांगशा थाने में दो मामले दर्ज थे, जिनमें एक हत्या का मामला भी शामिल है। स्थानीय लोगों के अनुसार, अमृत मंडल ने एक आपराधिक गिरोह बना रखा था और वह उगाही सहित कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल था।
बताया जा रहा है कि अमृत मंडल लंबे समय तक भारत में छिपा हुआ था और हाल ही में गांव लौटा था। लौटने के बाद उसने एक ग्रामीण से जबरन पैसे मांगने शुरू कर दिए थे, जिसके बाद यह घटना हुई।
गौरतलब है कि यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब कुछ दिन पहले बांग्लादेश के मयमनसिंह जिले के भालुका इलाके में ब्लासफेमी के आरोप में दीपू चंद्र दास नाम के एक हिंदू व्यक्ति की भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने बांग्लादेश में भीड़ की हिंसा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।





