महिंद्रा XEV 9S भारत में लॉन्च, सेगमेंट की सबसे स्पेशियस इलेक्ट्रिक SUV का दावा

महिंद्रा ने अपनी प्रीमियम इलेक्ट्रिक एसयूवी लाइनअप को और विस्तार देते हुए भारत में नई XEV 9S लॉन्च कर दी है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 19.95 लाख रुपये रखी गई है। यह मॉडल XEV 9e से ऊपर पोजिशन किया गया है और कंपनी के डेडिकेटेड INGLO प्लेटफॉर्म पर बनाया गया है। नाम में शामिल “S” का मतलब है स्पेस, और कंपनी का दावा है कि यह एसयूवी अपने सेगमेंट में सबसे ज्यादा केबिन स्पेस और इस्तेमाल की सुविधा देती है।
महिंद्रा ने XEV 9S को दो बैटरी विकल्प और चार मुख्य वेरिएंट्स में पेश किया है। टॉप मॉडल Pack Three Above की कीमत 29.45 लाख रुपये तक जाती है। इसकी बुकिंग 14 जनवरी 2026 से शुरू होगी और डिलीवरी 23 जनवरी 2026 से दी जाएगी।
डिजाइन की बात करें तो XEV 9S का लुक BE 6 और XEV 9e से प्रेरित लगता है। इसमें फ्रंट पर फुल-चौड़ाई LED लाइटिंग, दमदार फ्रंट प्रोफाइल और पीछे नई स्प्लिट LED टेल-लैंप डिजाइन दी गई है। केबिन काफी विशाल है, जिसका वॉल्यूम 3,941 लीटर है। इसमें 527 लीटर बूटस्पेस और 150 लीटर फ्रंक मिलता है। दूसरी पंक्ति में स्लाइडिंग और रिक्लाइनिंग सीटें हैं, जबकि रियर यात्रियों के लिए बॉस मोड और वेंटिलेटेड सीट्स भी उपलब्ध हैं।
इंटीरियर में महिंद्रा की नई MAIA AI तकनीक सबसे आकर्षित करती है, जो इंफोटेनमेंट और वाहन नियंत्रण, दोनों में इंटीग्रेटेड है। गाड़ी में ट्रिपल-स्क्रीन सेटअप, पीछे दो BYOD स्क्रीन, 16-स्पीकर हर्मन कार्डन सिस्टम और विजन एक्स एआर हेड-अप डिस्प्ले दिया गया है। इसके अलावा 65W फास्ट चार्जिंग, एम्बियंट लाइटिंग और फुल-लेंथ स्काई रूफ जैसी सुविधाएं इसे और प्रीमियम बनाती हैं। महिंद्रा ने इसमें अपना सबसे एडवांस्ड एक्यूआई एयर प्यूरीफायर सिस्टम भी लगाया है।
XEV 9S तीन LFP बैटरी पैक — 59 kWh, 70 kWh और 79 kWh— के साथ आती है। ये बैटरियां 210 kW मोटर को पावर देती हैं, जो 380 Nm टॉर्क जनरेट करती है। कंपनी का दावा है कि इनकी रियल-वर्ल्ड रेंज क्रमशः 400 किमी, 450 किमी और 500 किमी है। यह एसयूवी 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार सिर्फ 7 सेकंड में पकड़ सकती है और इसकी टॉप स्पीड 202 किमी/घंटा है। सभी बैटरी वेरिएंट्स में फास्ट चार्जिंग का समय लगभग 20 मिनट (20% से 80%) है।
सुरक्षा के मामले में भी यह एसयूवी काफी एडवांस है, जिसमें 7 एयरबैग, लेवल-2+ ADAS, 5 रडार सेंसर और 1 विजन कैमरा शामिल है। INGLO प्लेटफॉर्म की हाई-रिजिडिटी संरचना और फ्लैट-फ्लोर डिजाइन सभी पंक्तियों में बेहतर सेफ्टी और लेगरूम सुनिश्चित करते हैं।
महिंद्रा का कहना है कि XEV 9S को तैयार करते समय XEV 9e और BE 6 के ग्राहकों की फीडबैक को प्राथमिकता दी गई। कंपनी इस मॉडल को मुख्यधारा और लग्जरी इलेक्ट्रिक एसयूवी के बीच एक मजबूत विकल्प के रूप में पेश कर रही है, जो प्रीमियम फीचर्स और आकर्षक कीमत के साथ खरीदारों को लुभाने के लिए तैयार है।





