मौसमलाइफस्टाइल

कोलकाता में जनवरी की सबसे ठंडी सुबह, तापमान 10.2 डिग्री पर पहुंचा

कोलकाता में मंगलवार को इस साल जनवरी की सबसे ठंडी सुबह दर्ज की गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, शहर का न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। मौसम विभाग ने बताया है कि दक्षिण बंगाल में अगले दो दिनों तक ठंड और बढ़ सकती है।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, पिछले 15 वर्षों में जनवरी महीने में कोलकाता का तापमान 11 डिग्री से नीचे सिर्फ एक बार गया था। साल 2023 में न्यूनतम तापमान 10.9 डिग्री दर्ज किया गया था। इससे पहले दिसंबर 2012 में तापमान 10 डिग्री तक पहुंचा था, जबकि कोलकाता का अब तक का सबसे कम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दिसंबर 1965 में दर्ज किया गया था।

कोलकाता से सटे कई इलाकों में तापमान 10 डिग्री से भी नीचे चला गया। दमदम में न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री, जबकि हावड़ा में 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के मैदानी इलाकों में बीड़भूम जिले का श्रीनिकेतन सबसे ठंडा रहा, जहां तापमान 6.2 डिग्री रहा। पहाड़ी इलाकों में दार्जिलिंग सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। राज्य के अन्य प्रमुख शहरों की बात करें तो सिलीगुड़ी में 10.6 डिग्री और आसनसोल में 8.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

सुबह के समय कोलकाता में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता पर असर पड़ा। IMD के अनुसार, शहर का न्यूनतम तापमान सामान्य से 6.7 डिग्री कम रहा। मौसम विभाग ने कहा है कि दक्षिण बंगाल के जिलों में बुधवार और गुरुवार को तापमान में करीब 2 डिग्री की और गिरावट आ सकती है। इसके बाद अगले चार से पांच दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। इस दौरान दिन का अधिकतम तापमान भी सामान्य से 3 से 5 डिग्री कम रह सकता है।

उत्तर बंगाल में अगले कुछ दिनों तक, खासकर सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे दृश्यता कम रहेगी। दक्षिण दिनाजपुर, उत्तर दिनाजपुर और मालदा के कुछ हिस्सों में कोल्ड डे की स्थिति बन सकती है।

IMD ने लोगों, खासकर बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों, को ठंड से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button