Cannes Film Festival में पहुंचीं जैकलीन फर्नांडिज, मां के निधन और सुकेश विवाद पर की भावुक बातचीत

बॉलीवुड एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडिज इन दिनों 78वें कान्स फिल्म फेस्टिवल में शामिल होने के लिए फ्रांस पहुंची हैं। रेड कार्पेट पर उन्होंने अपने ग्लैमरस अंदाज़ से सबका ध्यान खींचा। इस खास मौके पर जैकलीन ने मीडिया से बातचीत करते हुए अपनी मां के निधन, परिवार के साथ बिताए लम्हों और ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े विवाद पर बात की।
जैकलीन ने बताया कि उनकी मां का निधन अप्रैल 2025 में हुआ था, जिसके बाद वह पूरी तरह से टूट गई थीं। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने माता-पिता और परिवार से हमेशा हिम्मत मिलती रही है। मां को याद करते हुए जैकलीन ने कहा कि वो उनकी सबसे बड़ी चीयरलीडर थीं और हमेशा उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती थीं।
द हॉलीवुड रिपोर्टर के एक इंटरव्यू में जैकलीन ने उस वक्त को भी याद किया जब वह इटली में अपनी पहली हॉलीवुड फिल्म ‘किल एम ऑल 2’ की शूटिंग कर रही थीं। उस दौरान उनका पूरा परिवार उनसे मिलने आया था। अभिनेत्री ने बताया कि शूटिंग के दौरान वह मशहूर एक्शन स्टार जीन-क्लाउड वैन डैम के साथ काम कर रही थीं, जिन्हें उनके परिवार में सभी पसंद करते थे।
विवादों की बात करें तो जैकलीन ने ठग सुकेश चंद्रशेखर के साथ अपने कथित रिश्ते को लेकर हो रही पब्लिक स्क्रूटनी पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि एक कलाकार की जिंदगी पब्लिक के बीच होती है और ऐसे समय में परिवार को भी काफी कुछ झेलना पड़ता है। हालांकि, उन्होंने सुकेश या रिश्ते को लेकर सीधे तौर पर कुछ नहीं कहा।
बता दें कि जैकलीन का नाम तब विवादों में आया था जब उनकी कुछ तस्वीरें सुकेश चंद्रशेखर के साथ सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं। सुकेश फिलहाल 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग केस में जेल में बंद है।
कान्स फिल्म फेस्टिवल में अपनी मौजूदगी और निजी जीवन से जुड़े मुद्दों पर खुलकर बात करके जैकलीन ने एक बार फिर खुद को एक मजबूत शख्सियत के तौर पर पेश किया है।





