IPL 2025: चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के बीच होगा प्लेऑफ की दौड़ का निर्णायक मुकाबला

इंडियन प्रीमियर लीग 2025 का एक अहम मुकाबला आज चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के बीच खेला जाएगा। यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। मेजबान चेन्नई सुपर किंग्स को इस मैच में जीत दर्ज करना बेहद जरूरी है, क्योंकि हारने की स्थिति में उनकी प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें लगभग खत्म हो जाएंगी। दूसरी ओर, पंजाब किंग्स इस मैच को जीतकर पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर पहुंचने के इरादे से मैदान में उतरेगी। मुकाबला काफी रोमांचक रहने की उम्मीद है।
चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में अब तक आईपीएल के 90 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें से 49 मैचों में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीत दर्ज की है, जबकि 39 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को सफलता मिली है। यहां पहली पारी का औसत स्कोर 164 रन और दूसरी पारी का औसत स्कोर 150 रन रहा है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम के लिए पहले बल्लेबाजी करना फायदेमंद साबित हो सकता है। गौरतलब है कि इस सीजन अब तक किसी भी टीम ने इस मैदान पर 200 रन का आंकड़ा नहीं छुआ है।
एमए चिदंबरम स्टेडियम की पिच पर गेंदबाजों, खासकर स्पिनरों को अच्छा समर्थन मिलता है। हालांकि, आंकड़े बताते हैं कि यहां तेज गेंदबाजों को 61% विकेट मिले हैं, जबकि स्पिनर्स ने 39% विकेट चटकाए हैं। आईपीएल इतिहास में इस मैदान पर पेसर्स ने 606 और स्पिनर्स ने 388 विकेट हासिल किए हैं। इसके बावजूद चेन्नई सुपर किंग्स को इस सीजन अपने घरेलू मैदान पर खास सफलता नहीं मिली है, जहां टीम ने पांच में से चार मुकाबले गंवाए हैं।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग इलेवन:
चेन्नई सुपर किंग्स: शेख रशीद, आयुष म्हात्रे, दीपक हुड्डा, सैम करन, रविंद्र जडेजा, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, एमएस धोनी (कप्तान), नूर अहमद, खलील अहमद, मथीशा पथिराना, रविचंद्रन अश्विन।
पंजाब किंग्स: प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह, श्रेयस अय्यर (कप्तान), जोश इंग्लिस, नेहल वढेरा, शशांक सिंह, ग्लेन मैक्सवेल, अजमतुल्लाह ओमरजई, मार्को जानसेन, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल, हरप्रीत बरार।
चेन्नई और पंजाब के बीच आज का मुकाबला ना सिर्फ प्लेऑफ की राह को आसान करेगा, बल्कि दोनों टीमों की रणनीति और संयोजन की असली परीक्षा भी लेगा।





