IPL2025

IPL 2025: सनराइजर्स हैदराबाद की मुंबई इंडियंस से टक्कर आज

इंडियन प्रीमियर लीग 2025 का 41वां मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच आज हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। जहां एक ओर SRH के लिए यह मैच प्लेऑफ की उम्मीदों को ज़िंदा रखने का आखिरी मौका है, वहीं MI जीत की हैट्रिक के बाद अपने विजय रथ को आगे बढ़ाने उतरेगी।

सनराइजर्स हैदराबाद ने अब तक सात मुकाबलों में केवल दो जीत दर्ज की है और पांच बार हार का सामना किया है। टीम फिलहाल अंक तालिका में नौवें स्थान पर है और अगर आज वह मुंबई से हार जाती है, तो उसकी क्वालिफाई करने की संभावना लगभग समाप्त हो जाएगी। पिछले मुकाबले में SRH को मुंबई से 4 विकेट से हार झेलनी पड़ी थी।

मुंबई इंडियंस ने अब तक 8 मैचों में 4 जीत हासिल की है और फिलहाल छठे स्थान पर है। खास बात यह है कि टीम ने अपने पिछले तीनों मुकाबले जीतकर शानदार वापसी की है। पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने पिछले मैच में नाबाद 76 रन बनाकर फॉर्म में लौटने के संकेत दिए हैं। हालांकि, SRH के तेज़ गेंदबाज़ पैट कमिंस और मोहम्मद शमी रोहित के लिए खतरा बन सकते हैं, क्योंकि उन्होंने IPL में उन्हें कई बार आउट किया है।

SRH ने पिछले मैच में परिस्थितियों के अनुसार राहुल चाहर को इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में उतारा था और अभिनव मनोहर को बाहर रखा था। इस मैच में टीम लाइन-अप में बदलाव करते हुए अभिनव या अथर्व तायडे को मौका दे सकती है।

मुंबई के लेग स्पिनर कर्ण शर्मा CSK के खिलाफ मैच में चोट के कारण नहीं खेले थे, लेकिन इस मुकाबले के लिए उनके फिट होने की संभावना है। उनकी वापसी टीम की गेंदबाज़ी को और धार दे सकती है।

ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा की ओपनिंग जोड़ी ने जीत वाले मैचों में SRH को 80+ रन की औसत साझेदारी दी है, लेकिन हार वाले मुकाबलों में यह औसत सिर्फ 18 रहा है। ऐसे में MI की रणनीति इन दोनों को जल्दी आउट करने की होगी, हालांकि यह आसान नहीं होगा।

संभावित प्लेइंग इलेवन:

सनराइजर्स हैदराबाद: अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, इशान किशन, नितीश रेड्डी, हेनरिक क्लासेन (विकेटकीपर), अनिकेत वर्मा, अभिनव मनोहर, पैट कमिंस (कप्तान), हर्षल पटेल, जीशान अंसारी, मोहम्मद शमी, इशान मलिंगा।

मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा, रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), विल जैक्स, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), नमन धीर, मिचेल सैंटनर, दीपक चाहर, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह, अश्विनी कुमार।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button