IPL2025

IPL 2025: प्लेऑफ की रेस में बनी रहना चाहेगी KKR, ईडन गार्डन्स में राजस्थान से मुकाबला आज

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 का 53वां मुकाबला आज कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच खेला जाएगा। यह मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 3 बजे होगा। KKR की कप्तानी अजिंक्य रहाणे संभालेंगे, जबकि RR की अगुवाई रियान पराग करेंगे।

राजस्थान रॉयल्स पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है, ऐसे में अब टीम बिना किसी दबाव के उतरेगी और प्लेऑफ की दहलीज पर खड़ी KKR की राह मुश्किल करने की कोशिश करेगी। दूसरी ओर, कोलकाता के लिए यह मैच ‘करो या मरो’ जैसा है। अगर टीम आज जीत दर्ज नहीं करती है, तो प्लेऑफ में पहुंचने की उसकी उम्मीदें कमजोर हो जाएंगी।

ईडन गार्डन्स की पिच बल्लेबाजों के लिए काफी मददगार मानी जाती है, हालांकि नई गेंद से गेंदबाजों को शुरुआत में थोड़ी मदद मिल सकती है। पिछली बार जब यहां दोपहर का मुकाबला खेला गया था, तब कोलकाता और लखनऊ ने मिलकर करीब 500 रन बना डाले थे। आज भी एक हाई-स्कोरिंग मैच की उम्मीद है। मौसम में हल्के बादल रह सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना बेहद कम है। इस मैदान पर औसतन स्कोर 200 के आसपास रहा है, और इस सीजन यहां पहली बैटिंग करने वाली टीम ने 5 में से 3 बार जीत हासिल की है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी को तरजीह दे सकती है।

कोलकाता नाइट राइडर्स की संभावित प्लेइंग इलेवन (इम्पैक्ट प्लेयर सहित):
सुनील नरेन, रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), अजिंक्य रहाणे (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी, वेंकटेश अय्यर, रिंकू सिंह, आंद्रे रसेल, रोवमैन पॉवेल, अनुकूल रॉय, हर्षित राणा, वैभव अरोड़ा, वरुण चक्रवर्ती।

राजस्थान रॉयल्स की संभावित प्लेइंग इलेवन (इम्पैक्ट प्लेयर सहित):
यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, नितीश राणा, रियान पराग (कप्तान), शिवम दुबे, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), शिमरोन हेटमायर, जोफ्रा आर्चर, महेश तीक्षणा, फजलहक फारुकी, कुमार कार्तिकेय, आकाश मधवाल।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button