IPL 2025: KKR और SRH के बीच रोमांचक मुकाबला, जानिए पिच रिपोर्ट और संभावित प्लेइंग-11

आईपीएल 2025 के 15वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की टीमें आज, 3 अप्रैल को कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स मैदान में आमने-सामने होंगी। दोनों टीमें अपने पिछले मुकाबले हारकर यहां पहुंची हैं और अब जीत की पटरी पर लौटने की कोशिश करेंगी। कोलकाता अपने होम ग्राउंड पर इस सीजन का दूसरा मुकाबला खेलेगी। पहले मैच में उसे रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में KKR की नजर इस मैच को जीतकर अपने घरेलू मैदान पर पहली जीत दर्ज करने पर होगी। आईपीएल 2025 पॉइंट्स टेबल में दोनों टीमें फिलहाल निचले पायदानों पर हैं।
इस सीजन अब तक ईडन गार्डन्स में एक ही मुकाबला खेला गया है, जिसमें रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 16 ओवर में 175 रनों का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल किया था। हालांकि, आज के मुकाबले के लिए पिच थोड़ी धीमी रहने की संभावना है, जिससे स्पिन गेंदबाजों को मदद मिल सकती है और बल्लेबाजों को रन बनाना आसान नहीं होगा। पिछले सीजन के आंकड़ों पर नजर डालें तो इस मैदान पर लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों को अधिक सफलता मिली थी। बीते सीजन में खेले गए छह मुकाबलों में से चार बार पहले गेंदबाजी करने वाली टीम ने जीत दर्ज की थी। ऐसे में इस बार भी टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी का फैसला कर सकती है।
आईपीएल इतिहास में अब तक कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच कुल 28 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से केकेआर ने 19 बार जीत हासिल की है, जबकि एसआरएच को केवल 9 बार जीत मिली है। इस रिकॉर्ड को देखते हुए केकेआर का पलड़ा भारी नजर आ रहा है।
संभावित प्लेइंग इलेवन
कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR): सुनील नारायण, क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), अजिंक्य रहाणे (कप्तान), रिंकू सिंह, अंगकृष रघुवंशी, वेंकटेश अय्यर, आंद्रे रसेल, रमनदीप सिंह, स्पेंसर जॉनसन, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती
सनराइजर्स हैदराबाद (SRH): अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, ईशान किशन, नितीश कुमार रेड्डी, हेनरिक क्लासेन (विकेटकीपर), अनिकेत वर्मा, पैट कमिंस (कप्तान), अभिनव मनोहर, जीशान अंसारी, हर्षल पटेल, मोहम्मद शमी
कोलकाता नाइट राइडर्स अपने घरेलू मैदान पर जीत की तलाश में होगी, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद भी इस मुकाबले में शानदार वापसी करना चाहेगी। दोनों टीमों की रणनीति और टॉस का फैसला मैच के नतीजे पर अहम प्रभाव डाल सकता है।





