IPL 2025: पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच भिड़ंत आज, श्रेयस बनाम शुभमन की जंग

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 में पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच मुकाबला आज, 25 मार्च को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम 7:30 बजे खेला जाएगा। टॉस शाम 7:00 बजे होगा।
इस सीजन पंजाब किंग्स की कप्तानी श्रेयस अय्यर करेंगे, जिन्होंने पिछले साल कोलकाता नाइट राइडर्स को चैंपियन बनाया था। पंजाब अब तक एक भी IPL खिताब नहीं जीत सका है, लेकिन इस बार उसकी कोशिश विजयी शुरुआत करने की होगी। दूसरी ओर, गुजरात टाइटंस की कमान शुभमन गिल के पास है, जिनका पिछले सीजन में प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। 2022 में चैंपियन और 2023 में उपविजेता रहने वाली गुजरात की टीम पिछले साल अंक तालिका में आठवें स्थान पर रही थी।
इस मैच में भारतीय क्रिकेट के दो स्टार बल्लेबाज, श्रेयस अय्यर और शुभमन गिल आमने-सामने होंगे। दोनों ही खिलाड़ी हाल ही में चैंपियंस ट्रॉफी में शानदार फॉर्म में नजर आए थे। अय्यर ने टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 243 रन बनाए, जबकि गिल ने बांग्लादेश के खिलाफ शतक लगाया था। अब IPL में दोनों अपनी-अपनी टीमों के लिए जीत की राह तलाशेंगे।
गुजरात के पास शुभमन गिल और इंग्लैंड के जोस बटलर के रूप में दमदार सलामी जोड़ी है। मध्यक्रम में साई सुदर्शन, ग्लेन फिलिप्स और राहुल तेवतिया जैसे खिलाड़ी टीम की बल्लेबाजी को मजबूती देंगे। राशिद खान, मोहम्मद सिराज और कैगिसो रबाडा की मौजूदगी से टीम की गेंदबाजी भी संतुलित नजर आ रही है।
पंजाब की बल्लेबाजी की जिम्मेदारी श्रेयस अय्यर, ग्लेन मैक्सवेल, जोश इंग्लिस और मार्कस स्टोइनिस पर होगी। गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह, लॉकी फर्ग्यूसन, युजवेंद्र चहल और हरप्रीत बरार अहम भूमिका निभाएंगे। पंजाब की टीम 18 साल से अपने पहले खिताब का इंतजार कर रही है और इस बार उसका लक्ष्य यही रहेगा।
संभावित प्लेइंग XI
गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, ग्लेन फिलिप्स, राहुल तेवतिया, वाशिंगटन सुंदर, राशिद खान, मोहम्मद सिराज, साई किशोर, कैगिसो रबाडा, प्रसिद्ध कृष्णा।
पंजाब किंग्स: प्रभसिमरन सिंह, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), मार्कस स्टोइनिस, ग्लेन मैक्सवेल, शशांक सिंह, नेहाल वधेरा, मार्को यानसेन, हरप्रीत बरार, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल।





